indore factory fire: इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र के पालदा में दवा बनाने वाली फैक्ट्री में बुधवार को दोपहर में भीषण आग लग गई। जिससे 11 कर्मचारी झुलस गए...। पढ़ें विस्तार से...
Indore factory fire: इंदौर के लिए बुधवार का दिन हादसों भरा रहा। सुबह ब्रजेश्वरी एनेक्स कॉलोनी में एक ईवी कार की चार्जिंग के दौरान पूरे घर में आग लग गई, जिसमें एक ही परिवार के 8 लोगों की मौत हो गई। थोड़ी ही देर बाद दोपहर में एक और हैरान करने वाली खबर आई, जहां पालदा इलाके में दवा बनाने वाली एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस घटना में 11 कर्मचारियों के झुलसने की सूचना है। बताया जा रहा है कि उन्हें अस्पताल में ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।
इंदौर के भंवरकुआं थाना क्षेत्र के पालदा में प्रार्थना नाम के तौल कांटे के पीछे बीएन ब्रदर्स नामक फैक्ट्री है, जहां दवा बनाई जाती है। इस फैक्ट्री में बुधवार को दोपहर में भीषण आग लग गई। इस घटना में काम करने वाले 11 लोग झुलस गए। उन्हें जुनी इंदौर के एसीपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इन लोगों को सांस लेने में भी दिक्कत हो रही थी। जैसे-तैसे कर्मचारियों ने अपनी जान बचाई, इस दौरान कुछ कर्मचारियों को चोटें भी आई हैं। उनका प्राथमिक उपचार किया जा रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि फैक्ट्री जिस स्थान पर थी वहां तक फायर ब्रिगेड को पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। आग की लपटें इतनी भीषण थी कि उसे काबू करने में फायर ब्रिगेड के कर्मचारियों को काफी मशक्कत करना पड़ रही थी। करीब एक दर्जन दमकलों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया। कई कर्मचारी काम छोड़कर भागते हुए नजर आए।
इस घटना के बाद पुलिस जांच में जुट गई है। घटना क्यों हुई, और कैसे हुई, इस बात को लेकर बयान भी लिए जा रहे हैं, और मौके पर बारीकी से जांच भी की जा रही है। बताया जा रहा है कि आग शार्ट सर्किट की वजह से लगी।
एएसपी विजय चौधरी के मुताबिक कोई जनहानि नहीं हुई है। 10 कर्मचारियों को सांस लेने में समस्या हो रही थी, उन्हें अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है। उनकी हालत ठीक है। आग के कारणों की फिलहाल जांच हो रही है।
पालदा क्षेत्र में आग इतनी भीषण थी कि कई किलोमीटर दूर से काला धुंआ दिखाई दे रहा था। लोग अपने घरों की छत से काले धुएं के गुबार को देख रहे थे। वहीं घटनास्थल पर भी धुआं इतना था कि आसपास के लोगों को श्वास लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। क्योंकि आग की लपटों में कुछ दवा भी जल गई, जिसके कारण भी लोगों को श्वास लेने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। खबर लिखे जाने तक 11 लोगों का इलाज अस्पताल में चल रहा है।
0-इस फैक्ट्री में पेस्ट कंट्रोल बनता है।
vकर्मचारियों के शोर मचाने पर स्थानीय लोग बचाने आगे आए।
0-फैक्ट्री में दुपहिया वाहन भी रखे थे उन्हें तुरंत बाहर निकाला।
0-कुछ महिला कर्मचारियों ने भी हिम्मत दिखाई, बाकी महिलाओं को बाहर निकाला।
0-करीब 11 कर्मचारी अस्पताल में भर्ती, सभी को आक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है।