
Manish Birla heart attack-इंदौर के एक और बड़े व्यापारी का हार्ट अटैक से निधन हो गया। खास बात यह है कि वे फिटनेस के प्रति हमेशा अलर्ट रहते थे। हर मैराथन में भाग लेते थे, रोज जिम जाते थे और रोज स्वीमिंग करते थे, इसके बावजूद भी 53 साल के मनीष बिड़ला के हार्ट अटैक से व्यापार जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
इंदौर शहर के व्यापारी मनीष बिड़ला के निधन के समाचार से सोमवार को शोक की लहर दौड़ गई। रविवार को दोपहर में उन्हें हार्ट अटैक आया था। वे इंदौर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र में रहते थे और रियल एस्टे का कारोबार करते थे। हैरानी की बात यह है कि वे हमेशा फिटनेस को लेकर सजग रहते थे और हर मैरातन में भाग लेते थे। इसके अलावा वे स्वीमिंग भी रोज करते थे और साइकिलिंग भी करते थे। वे दूसरों को भी फिटनेस के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देते थे।
मनीष बिड़ला को रविवार दोपहर में सीने में दर्द उठा था। वे अपने भतीजे के साथ कार से रिंग रोड होते हुए एक निजी अस्पताल के लिए निकले थे, लेकिन रास्ते में ही उनका दर्द बढ़ने लगा। उनका भतीजा कुछ समझता जब तक वे बेहोश होने लगे। भतीजा उन्हें जल्दी से अस्पताल लेकर पहुंचा। जहां डाक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सोमवार को रीजनल पार्क स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
मनीष बिड़ला के करीबी दोस्तों का कहना है कि वे नियमित रूप से जिम जाते थे और शहर में होने वाली हर मैराथन में भी भाग लेते थे। उनके मित्रों में भी हैरानी है कि वे इतना फिट रहते थे, इसके बावजूद उन्हें हार्ट अटैक आना समझ नहीं आ रहा है।
इंदौर के डाक्टरों का कहना है कि फिटनेस अच्छी है तब भी नियमित जांच कराते रहना चाहिए। चिकित्सकों के मुताबिक हृदय रोग किसी भी उम्र में हो सकता है। नियमित जांच कराते रहना चाहिए। यदि हार्ट अटैक आने वाला होता है तो उससे पहले कई बार इसके संकेत मिलने लगते हैं। सांस फूलना, चलने में जल्दी थकने जैसी स्थिति होने लगती है। खास बात यह भी है कि यदि आप व्यायाम कर रहे हैं और बात कर रहे हैं या गुनगुना रहे हैं तो सांस नहीं फूलनी चाहिए।