
टि्वशा शर्मा फोटो (Photo Source - Patrika)
Twisha Sharma case latest- फिल्म एक्ट्रेस और मॉडल टि्वशा शर्मा की मौत के मामले में भोपाल की सेंट्रल जेल में बंद सास रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के सूने मकान में से चोरी हुए 25 लाख के जेवर का मामला गर्मा गया है। पुलिस भोपाल के आसपास के जिलों में चोरों की तलाश कर रही है। पुलिस की एसआईटी ने अब तक कई जिलों में दबिश भी दी है।
भोपाल के कटारा हिल्स स्थित गिरिबाला सिंह के घर से 25 लाख के जेवर चोरी होने के बाद से ही क्षेत्र में हड़कंप है। चोरों की तलाश में अब पुलिस ने विशेष जांच दल (SIT) बनाया है, जो भोपाल के आसपास के जिलों में चोरों की तलाश में जुट गया है। जो जेवर चोरी हुए हैं उनमें बेशकीमती डायमंड और सोने के जेवर शामिल थे।
कटारा हिल्स पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस रजिस्टर्ड कर जांच शुरू की है। इसकी जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने एसआईटी (विशेष जांच दल) गठित किया है। इस एसआईटी ने सेंट्रल जेल पहुंचकर गिरिबाला सिंह से मुलाकात की और जेवरों के बारे में जानकारी ली। चोरी की घटना गिरिबाला सिंह के सूने मकान में 27 और 28 जून की दरमियानी रात को हुई थी। पुलिस के मुताबिक 6 नकाबपोश बदमाश ने इस वारदात को अंजाम दिया है। बताया जा रहा है कि चार बदमाश मकान के भीतर घुसे थे, दो बदमाश बाहर निगरानी करते रहे। सभी आरोपी सीसीटीवी में कैद हो गए।
यह बदमाश गिरिबाला सिंह के मकान के पीछे वाले हिस्से से भीतर दाखिल हुए थे। कमरों और अलमारियों के ताले तक तोड़ दिए और सामान उथल-पुथल कर दिया था। 28 जून की सुबह उस समय इस मामले का खुलासा हुआ था जब रिटायर्ड जज के रिश्तेदार उसी मकान के नीचे वाले हिस्से में ठहरे हुए थे और वे ऊपर पहुंचे तो कमरे के ताले टूटे देख हैरान हो गए।
कटारा हिल्स थाने के प्रभारी सुनील दुबे के नेतृत्व में 8 सदस्यीय एसआईटी गठित की गई है, जो इस मामले की जांच कर रही है। पुलिस की नजर में एक आपराधिक गिरोह आया है, जिसके तीन संदिग्ध लोगों का पीछा भी किया है। इस दौरान के डर से आरोपी थैला छोड़कर भागने में सफल हो गए, जिसमें चांदी के जेवर, एक रिवॉल्वर और अन्य सामान भी था। पुलिस इनकी तलाश में अलग-अलग जिलों में दबिश भी दे रही है। पुलिस ने भोपाल के पड़ोसी जिले रायसेन, अशोकनगर, गुना समेत आधा दर्जन स्थानों पर चोरों की तलाश में दबिश दी है। बताया जा रहा है कि पुलिस को कुछ हद तक सफलता भी मिली है, जल्द ही यह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।
गुना जिले में पुलिस ने कई स्थानों पर चोरों की तलाश तेज की है, क्योंकि पुलिस को गुना के पारदी गैंग पर भी शक है। पुलिस की शुरुआती जांच में ही यह संदेह पारदी गिरोह पर है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के जरिए भोपाल के एक पारदी व्यक्ति ने भी गिरोह में मदद करने का इनपुट मिल रहा है। इसी के आधार पर पुलिस ऐसे गिरोह पर नजर बनाए हुए है।
चोरी की घटना 28 जून को सुबह 2.15 बजे गिरिबाला सिंह के घर हुई थी। चोर ने जिस हिस्से को अपना निशाना बनाया वहां गिरिबाला सिंह, उनके पुत्र समर्थ सिंह और परिवार के अन्य सदस्यों के कमरे थे।
इससे पहले चोरी वाली रात को ही पुलिसकर्मी प्रदीप मीणा और राघवेंद्र पटेल ने तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया था। दो आरोपी भाग निकले थे और एक संदिग्ध पकड़ लिया गया था, जिसके बैग की तलाशी ली तो वो भी बैग छोड़कर भागने में सफल हो गया। उसमें चांदी के आभूषण, लाइसेंसी पिस्टल और गिरिबाला सिंह से जुड़े अहम दस्तावेज भी बरामद हुए थे।
Updated on:
06 Jul 2026 04:21 pm
Published on:
06 Jul 2026 04:20 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
