
Twisha Case (गिरिबाला सिंह के घर से चोरी गया सामान बरामद Photo Source- Patrika)
Twisha Sharma Case :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाग मुगलिया इलाके के कटारा हिल्स में रहने वाली रिटायर्ड जज गिरिबाला सिंह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने लाइसेंसी पिस्टल, जेवर, चांदी के सामान और जरूरी दस्तावेज समेत चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया है। हालांकि, वारदात को अंजाम देने वाले बदमाश अब भी पुलिस गिरफ्त से फरार हैं। पुलिस द्वारा केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
वहीं, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर टीम पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने बताया कि, गिरिबाला सिंह के भाई रिटायर्ड कर्नल रणवीर सिंह भदौरिया है, जो मूल रूप से लखनऊ के रहने वाले हैं। इन दिनों वो अपनी बहन के कटारा हिल्स स्थित निवास में रह रहे हैं। शनिवार रात 11:30 बजे वे सोने चले गए थे। रविवार सुबह करीब 6:10 बजे जब वे पहली मंजिल पर फुटबॉल मैच देखने पहुंचे तो उन्होंने घर के पीछे के कमरे का दरवाजा खुला हुआ पाया।
पुलिस जांच में पता चला है कि, चोरी की वारदात को अंजाम देने में 6 बदमाश शामिल थे। इनमें से चार घर के अंदर घुसे थे, जबकि दो बाहर से वारदात की निगरानी कर रहे थे। वारदात के बाद सभी आरोपी तीन-तीन के दो समूहों में फरार हो गए।
रात गश्त के दौरान पुलिसकर्मी प्रदीप मीणा और राघवेंद्र पटेल ने तीन संदिग्ध युवकों को रोकने का प्रयास किया था। इस दौरान दो आरोपी भाग निकले। पुलिस ने एक संदिग्ध को पकड़ लिया और उसके बैग की तलाशी शुरू की, लेकिन वो भी बैग छोड़कर भागने में सफल रहा। बैग की तलाशी में पुलिस को चोरी किए गए चांदी के आभूषण, लाइसेंसी पिस्टल और गिरिबाला सिंह से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज बरामद हुए हैं।
आपको बता दें कि, 12 मई की रात ट्विशा शर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। नोएडा की रहने वाली एक्ट्रेस-मॉडल ट्विशा की शादी दिसंबर 2025 में भोपाल की पूर्व जिला जज गिरिबाला सिंह के वकील बेटे समर्थ सिंह से हुई थी। 12 मई 2026 को ट्विशा अपने ससुराल वाले घर के टेरेस पर फंदे से लटकी मिली थी। गिरिबाला और समर्थ सिंह रात को ही एम्स भोपाल लेकर पहुंचे, जहां ट्विशा को मृत घोषित कर दिया गया था। इसके बाद मामला तब उलझा जब गिरिबाला सिंह और समर्थ सिंह पर सबूत नष्ट करने के आरोप लगे।
आरोप है कि, उन्होंने काफी समय न्यायिक अधिकारियों और पुलिस के बड़े अफसरों को फोन लगाकर मामला प्रभावित करने का प्रयास किया। ट्विशा के परिवार और ससुराल पक्ष के आरोप - प्रत्यारोप और लड़ाई में करीब 12 दिन तक ट्विशा का शव एम्स की मार्चुरी में रखा रहा। अब मामले की जांच सीबीआई कर रही है, जबकि दोनों परिवारों के बीच कोर्ट में कानूनी लड़ाई चल रही है।
Updated on:
30 Jun 2026 07:47 am
Published on:
30 Jun 2026 07:47 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
