इंदौर

हनीमून मनाने गए इंदौर के कपल मानव तस्करी के शिकार, परिवार को मिल रहीं धमकियां!

Indore Missing Couple: शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी की हत्या के बाद परिवार को लापता बहू सोनम की जान खतरे में होने का डर है। टूरिस्ट प्लेस के समीप बांग्लादेश बॉर्डर होने से उन्हें मानव तस्करी की आशंका है।
2 min read
• •
Updated: 8 Jun 2025, 10:59 AM IST
Indore Missing Couple
Indore Missing Couple (फोटो सोर्स: पत्रिका)

Indore Missing Couple: शिलांग में हनीमून मनाने गए इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी की हत्या के बाद परिवार को लापता बहू सोनम की जान खतरे में होने का डर है। टूरिस्ट प्लेस के समीप बांग्लादेश बॉर्डर होने से उन्हें मानव तस्करी की आशंका है। भाई व समाज संभागायुक्त कार्यालय पहुंचे और बहू को सकुशल तलाशने के लिए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।

मालूम हो, बुधवार को राजा (30) पिता अशोक रघुवंशी निवासी सहकार नगर, कैट रोड का अंतिम संस्कार किया गया। उनके भाई सचिन रघुवंशी, विपिन व परिवार के अन्य सदस्य लापता बहू के सकुशल मिलने की प्रार्थना कर रहे हैं। भाई विपिन, अर्पित, अखिल भारतीय अखंड रघुवंशी क्षत्रिय महापरिषद के पदाधिकारी व अन्य लोगों ने संभागायुक्त को सौंपे ज्ञापन में 23 मई को लापता राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी के संबंध में लिखा है। राजा की हत्या हो चुकी है तो सोनम लापता है। कहा गया कि सोनम की जान को खतरा बढ़ रहा है। बांग्लादेश सीमा लगी होने से मानव तस्करी की आशंका है।

मिल रही धमकियां

सोनम(Sonam Raghuvanshi) के भाई गोविंद व अन्य उनकी खोज के लिए शिलांग में हैं। उन्हें भी धमकियां मिल रही हैं। ज्ञापन में कहा गया कि केस की सीबीआइ जांच कराई जाए। उनके भाई गोविंद व अन्य को सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए। मप्र, केंद्र और मेघालय शासन व एनडीआरएफ की टीम को धन्यवाद दिया गया है। ज्ञापन में लिखा है कि यदि मांगे पूरी नहीं हुई तो समस्त रघुवंशी समाज भोपाल एवं अन्य शहरों में धरना प्रदर्शन करेगा।

दिनभर चली सर्चिंग

शिलांग(Shillong Honeymoon) की जिस खाई में राजा रघुवंशी का शव मिला था, वहां गुरुवार को भी सर्च ऑपरेशन जारी रहा। एक वीडियो सामने आया है, जिसमें सोनम के भाई खाई की बाउंड्रीवाल पर खड़े हैं। रस्सी की मदद से सर्चिंग टीम के सदस्य गहरी खाई में उतरे हैं। शिलांग की मीडिया से सोनम के भाई गोविंद ने चर्चा में बताया कि जब से राजा का शव मिला है, परिजन परेशान हैं। यहां की सरकार से निवेदन है कि सीबीआइ जांच करवाएं। सर्चिंग टीम ऐसा क्यों सोच रही है कि शव मिलेगा। सोनम को जिंदा तलाशने का प्रयास करें। 15 दिन में उसे तलाश नहीं पाए। यह अपहरण का केस लग रहा है। इसी के मद्देनजर कार्रवाई की जाए। विपिन ने बताया कि सोनम के संबंध में जानकारी देने और उन तक पहुंचने में मदद करने वाले को पांच लाख का इनाम दिया जाएगा। मदद करने वाले का नाम, नंबर गुप्त रखा जाएगा।

होटल के फुटेज आए सामने

विपिन ने बताया कि राजा और सोनम शिलांग के जिस होटल में ठहरे थे, वहां के सीसीटीवी फुटेज अब सामने आए हैं। जो जांच वहां की पुलिस को पहले दिन करनी थी, वह अब हो रही है। वायरल फुटेज में राजा और सोनम नजर आ रहे हैं।

Updated on:
8 Jun 2025, 10:59 AM IST
Published on: