
Indore Navlakha Lift Accident- इंदौर के नवलखा काम्पलेक्स में मंगलवार को एक बार फिर अफरा-तफरी मच गई। यहां दूसरी मंजिल से लिफ्ट गिर गई। इस घटना में 7 लोगों के घायल होने के समाचार हैं। एक व्यक्ति के पैर में गंभीर चोट आई है। इनमें से 6 लोग पंजाब के बताए जाते हैं। लिफ्ट गिरने का कारण ओवरलोड होना बताया जा रहा है। तीन माह पहले भी डी ब्लाक की लिफ्ट गिर गई थी, जिसमें भी कुछ रहवासी घायल हो गए थे।
इंदौर के अग्रसेन चौक के पास नवलखा कॉम्पलेक्स के सी ब्लाक में यह घटना हुई। इस घटना से एक बार फिर रहवासियों को चिंता में डाल दिया है। बीते जून माह में इसी कॉम्पलेक्स के डी ब्लाक में भी लिफ्ट गिर गई थी, जिसमें रहवासी घायल हुए थे। मंगलवार को दोपहर में यह दुर्घटना उस समय हुई जब पंजाब से आए 6 मेहमान अपने रिश्तेदार से मिलने दूसरी मंजिल पर गए थे। सभी घायलों को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
थाना प्रभारी अनिल गुप्ता ने बताया कि मंगलवार दोपहर साढ़े तीन बजे के आसपास स्नेह नगर के नवलखा काम्प्लेकस में यह घटना हुई है। इस घटना में अंकित ढींगरा नामक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना प्रभारी के मुताबिक यह बिल्डिंग काफी पुरानी है और यहां मेंटेनेंस का काम काफी समय से नहीं हुआ है। इसी वजह से लिफ्ट नीचे गिर गई।
स्थानीय रहवासियों ने बताया कि करीब 50 साल पुरानी इस बिल्डिंग में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। बिल्डिंग भी जर्जर हो रही है। इस मल्टी में मेंटेनेंस का अभाव है। इसके अलावा लिफ्ट के रखरखाव पर भी किसी का ध्यान नहीं है। सभी ब्लाक की लिफ्ट का मेंटेनेंस होना चाहिए, अन्यथा ऐसी घटनाएं होती रहेंगी।
इस घटना में अंकित पुत्र सोहन ढींगरा, मुस्कान कीर, हरविंदर कुमार, रमेश कुमार, शुभम, आशा और अनिता घायल हो गए हैं। सभी को पास के ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां अंकित ढींगरा की हालत गंभीर बताई जा रही है। रहवासियों ने बताया कि लिफ्ट की रस्सी टूटने की वजह से लिफ्ट गिर गई। इस घटना में बाहर से आए लोग घायल हो गए। इनमें से कई लोगों को फ्रेंक्चर होने की बात भी कही है।
इससे पहले इंदौर के चंदन नगर क्षेत्र में भी अप्रैल में ऐसी ही घटना हो गई थी। शादी समाचार चल रहा था, जिसमें ओवरलोड होने के कारण लिफ्ट की रस्सी टूट गई थी। वह भी दूसरी मंजिल से गिर गई थी। इस घटना में दस से अधिक लोग घायल हो गए थे, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे। बांक इलाके के मोहम्मद शरीफ के भाई मोहम्मद खलील की बेटी आयशा की शादी के दौरान कारखाना परिसर में यह घटना हुई थी। दूसरी मंजिल पर ठहरी दुल्हन से मिलने के लिए 10 लिफ्ट से रिश्तेदार आए थे, तभी दूसरी मंजिल से लिफ्ट जमीन पर आ गई थी। जैसे-तैसे लोगों को लिफ्ट से बाहर निकाला और घायलों को अस्पताल ले जाया गया। शुरुआती जांच में लापरवाही सामने आई थी।