इंदौर

प्रियंका गांधी की सभा को लेकर इंदौरी नेता तलब

दिग्विजय सिंह बोले ज्यादा से ज्यादा लाना है भीड़

2 min read
Oct 02, 2023
प्रियंका गांधी की सभा को लेकर इंदौरी नेता तलब

इंदौर। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 5 अक्टूबर को धार जिले के राजगढ़ में चुनावी सभा लेने आएंगी। सभा की तैयारी का जायजा लेने के लिए कल राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह राजगढ़ पहुंचे और उन्होंने इंदौर सहित अन्य जिलों के नेताओं को तलब किया। सिंह ने नेताओं को ज्यादा से ज्यादा भीड़ सभा में लाने का कहा है।

मालवा-निमाड़ में प्रियंका गांधी की सभा के जरिए कांग्रेस विधानसभा चुनाव का शंखनाद करेगी। सभा का प्रभारी देपालपुर से विधायक विशाल पटेल को बनाया गया है। क्षेत्रीय सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई। दिग्विजय सिंह ने राजगढ़ के पास मोहनखेड़ा तीर्थ स्थल के हॉल में कांग्रेसियों की बैठक ली। इसमें इंदौर सहित धार, खरगोन, खंडवा, बुरहानपुर, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ, रतलाम के विधायक, पूर्व विधायक, पूर्व सांसद, प्रदेश कांग्रेस के पदाधिकारी, शहर अध्यक्ष, जिला कांग्रेस अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारियों को तलब किया। इंदौर से संगठन प्रभारी महेंद्र जोशी, जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव, शहर अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, कार्यवाहक अध्यक्ष गोलू अग्निहोत्री, सोहराब पटेल, पं. कृपाशंकर शुक्ला, प्रदेश महामंत्री विनय बाकलीवाल, प्रदेश महासचिव अमन बजाज, नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष चिंटू चौकसे, जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष दौलत पटेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष साक्षी शुक्ला, शहर युवा कांग्रेस अध्यक्ष रमीज खान और जिला संगठन मंत्री चंद्रशेखर पटेल आदि राजगढ़ पहुंचे। राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने इन सभी को ज्यादा से ज्यादा भीड़ लाने का बोला है।

गौरतलब है कि मप्र में फिर से सत्ता हासिल करने में कांग्रेस लगी है। इसके लिए प्रदेश की 230 विधानसभा सीटों पर हार-जीत के लिए गहन चिंतन -मनन किया जा रहा है। इसके साथ ही कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सभा भी होने लगी है। अभी दो दिन पहले कांग्रेस के स्टार प्रचारक राहुल गांधी की शाजापुर जिले की कालापीपल तहसील के गांव पोलाय कलां में चुनावी सभा हुई। इसमें भी इंदौर से नेता भीड़ लेकर पहुंचे थे। अब प्रियंका गांधी की सभा को इसी का अगला चरण माना जा रहा है।

Published on:
02 Oct 2023 12:21 pm
Also Read
View All