
क्रेन कारोबारी का ड्राइवर 28 लाख कैश लेकर फारार, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
Indore news: एमपी में इंदौर शहर के राऊ थाना क्षेत्र में लाखों रुपए की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। यहां एक क्रेन कारोबारी का ड्राइवर उनकी कार और उसमें रखे 28 लाख रुपए कैश लेकर फरार हो गया। घटना बीते दिन शाम करीब 6 बजे की है। कारोबारी पीथमपुर अपने ऑफिस से वापस इंदौर लौट रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार आरोपी ड्राइवर की तलाश से भरा शुरू कर दी है। टीआइ राजपाल सिंह राठौर के अनुसार, हेमंत मित्तल और गौरव मित्तल निवासी अग्रवाल नगर क्रेन का कारोबार करते हैं।
शाम के समय को दोनों भाई अपने ड्राइवर के साथ पीथमपुर से इंदौर (अग्रवाल नगर) स्थित अपने घर आ रहे थे। रास्ते में राऊ थाना क्षेत्र में 'विकास स्वीट्स' के पास नाश्ता करने के लिए रुके। व्यापारी जैसे ही गाड़ी से उतरकर बाहर गए, उन्हें लगा कि ड्राइवर गाड़ी पार्क करने के लिए आगे गया है, लेकिन काफी देर इंतजार करने के बाद भी न तो ड्राइवर लौटा और न गाड़ी नजर आई, तब उन्हें वारदात का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
टीआइ ने बताया, शुरुआती जानकारी और जांच में स्पष्ट हुआ है कि ड्राइवर ही गाड़ी और 28 लाख से भरा बैग लेकर भागा है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित कर दी गई हैं। घटनास्थल और उसके आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि कार के भागने की दिशा का पता चल सके। इसके साथ ही पुलिस आरोपी के संभावित ठिकानों पर भी लगातार दबिश दे रही है।
एक अन्य केस में बाणगंगा थाना क्षेत्र में चोर ने दोपहिया वाहन की डिक्की तोड़ उसमें रखे डेढ़ लाख रुपए उड़ा दिए। पुलिस के मुताबिक फरियादी कैलाश साहू निवासी लोटस पार्क की शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। फरियादी ने पुलिस को बताया, उनके वाहन की डिक्की तोड़कर चोर 1.60 लाख, उनका और उनके बेटे का ड्राइविंग लाइसेंस उड़ा ले गया। मामले में पुलिस तकनीकी जांच कर आरोपी को तलाश रही है
Updated on:
25 Aug 2026 04:16 pm
Published on:
25 Aug 2026 04:16 pm
