
Indore–Budni Railway Line: इंदौर-बुधनी रेल लाइन, प्रतिकात्मक फोटो (Photo Source: AI Image)
Indore–Budni Railway Line:एमपी में इंदौर से बुधनी तक प्रस्तावित रेल लाइन का काम धीमी रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। इस बीच परियोजना में बड़ा बदलाव करते हुए बुधनी से जबलपुर तक के प्रस्तावित सेक्शन को फिलहाल ड्रॉप कर दिया गया है। इंदौर की ओर मांगलिया के आगे ट्रैक बिछाने की तैयारी चल रही है, जबकि खातेगांव और हथनोर स्टेशन पर निर्माण कार्य जारी है। दूसरी ओर बुधनी की तरफ अर्थ वर्क का काम तेजी से पूरा किया जा रहा है।
करीब 4320 करोड़ रुपए से शुरू हुई इस परियोजना की लागत अब बढ़कर 7900 करोड़ रुपए से अधिक हो चुकी है। मांगलिया स्टेशन से आगे ऑयल डिपो के कुछ दूरी बाद नए रेल ट्रैक का काम शुरू होता है। यहां ट्रैक से जुड़ी सामग्री और स्लीपर कई महीनों से रखे हुए हैं, लेकिन काम की गति धीमी है। मांगलिया स्टेशन को भविष्य के जंक्शन के हिसाब से तैयार किया जा रहा है। यहां नया गुड्स सेटअप तैयार होने के साथ नए प्लेटफॉर्म बनाए जा रहे हैं। पुराने प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने का काम भी जारी है।
इंदौरबुधनी रेल लाइन परियोजना की शुरुआती लागत करीब 4320 करोड़ रुपए स्वीकृत हुई थी। निर्माण और अन्य खर्च बढऩे के साथ अब इसका बजट करीब 7900 करोड़ रुपए तक पहुंच चुका है। मार्च 2026 तक परियोजना पर करीब 1960 करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। चालू वित्तीय वर्ष में भी परियोजना के लिए 500 करोड़ रुपए का नया बजट मिला है।
इस रेल लाइन पर दो बड़ी टनल बनाई जानी हैं। इनमें एक टनल करीब ढाई किलोमीटर और दूसरी करीब 8.5 किलोमीटर लंबी होगी। इसके अलावा मांगलिया स्टेशन के आगे वायडक्ट का निर्माण प्रस्तावित है। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है।
बुधनी की ओर परियोजना में काम की रफ्तार अधिक दिखाई दे रही है। यहां कई हिस्सों में अर्थवर्क पूरा हो चुका है और अब ट्रैक डालने की तैयारी शुरू की जा रही है। कुछ अन्य हिस्सों में अर्थवर्क अभी जारी है। बारिश के कारण इंदौर की तरफ काम प्रभावित हुआ है, लेकिन मौसम में सुधार के बाद निर्माण में तेजी आने की उम्मीद है।
शुरुआती स्वीकृत बजट — 4320 करोड़ रुपए
बढ़कर पहुंचा बजट — 7900 करोड़ रुपए
मार्च 2026 तक खर्च — 1960 करोड़ रुपए
चालू वित्तीय वर्ष का बजट — 590 करोड़ रुपए
पहली टनल की लंबाई — 2.5 किमी
दूसरी टनल की लंबाई — 8.5 किमी
जबलपुर तक का सेक्शन — ड्रॉप
Updated on:
25 Aug 2026 02:23 pm
Published on:
25 Aug 2026 02:23 pm
