
कंपनी सेक्रेटरी परीक्षा परिणाम घोषित (फोटो सोर्स: Patrika)
Indore News : कंपनी सेक्रेटरी (सीएस) की जून 2026 में आयोजित प्रोफेशनल व एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम की परीक्षाओं के परिणाम मंगलवार को घोषित किए गए। सीएस प्रोफेशनल प्रोग्राम की परीक्षा में ग्रुप-1 (फस्र्ट मॉड्यूल) में 31.20 प्रतिशत अभ्यर्थी तथा ग्रुप-2 (सेकंड मॉड्यूल) में 32.27 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में ग्रुप-1 (फर्स्ट मॉड्यूल) में 17.41 प्रतिशत तथा ग्रुप-2 (सेकंड मॉड्यूल) में 22.19 प्रतिशत अभ्यर्थी उत्तीर्ण हुए हैं। मध्य प्रदेश के इंदौर सेंटर से परीक्षा में शामिल हुए सीएस प्रोफेशनल प्रोग्राम में शामिल हुए रायसेन की अंशी जैन ने ऑल इंडिया रैंक-24 प्राप्त कर इंदौर का गौरव बढ़ाया है।
इंदौर सेंटर से परीक्षा देने वाली रायसेन की अंशी जैन ने सीएस प्रोफेशनल में ऑल इंडिया रैंक-24 हासिल कर शहर का गौरव बढ़ाया। वे सिटी रैंक में प्रथम रहीं। अंशी ने बताया कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्होंने अपने स्वयं के नोट्स तैयार किए और सोशल मीडिया से दूरी बनाए रखी। उन्होंने कई सोशल मीडिया ह्रश्वलेटफॉर्म से पूरी तरह लॉग आउट कर दिया था। केवल उन्हीं प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल किया, जिनसे शिक्षकों और पढ़ाई से जुड़े लोगों से संपर्क किया जा सके। अंशी ने बताया कि उन्होंने लगातार लंबे समय तक पढऩे के बजाय बीच-बीच में ब्रेक लेकर तैयारी की। ब्रेक के दौरान लंच करने या माता-पिता से बातचीत करने के बाद फिर पढ़ाई शुरू करती थीं। उन्हें ऑल इंडिया रैंक मिलने की उम्मीद थी, हालांकि 24वीं रैंक से वे खुश हैं। अब उनका लक्ष्य किसी मल्टीनेशनल कंपनी में इंटर्नशिप हासिल करना है।
एग्जीक्यूटिव प्रोग्राम में संभव जैन ने सिटी रैंक प्रथम हासिल की। संभव ने बताया कि उन्हें शुरू से ही फाइनेंस में रुचि रही है। परिवार का व्यवसाय होने के कारण वित्तीय क्षेत्र से उनका जुड़ाव भी रहा। इसी रुचि के चलते उन्होंने कंपनी सेक्रेटरी बनने का निर्णय लिया। संभव ने बताया कि उनका पहला प्रयास व्यक्तिगत त्रासदी के कारण प्रभावित हुआ। परीक्षा के दौरान उनके पिता का अचानक निधन हो गया था, जिसके कारण वे परीक्षा नहीं दे सके। इसके बाद दूसरे प्रयास में उन्होंने पूरी तैयारी के साथ परीक्षा दी और सिटी टॉप करने में सफल रहे। अब उनका लक्ष्य ऑल इंडिया रैंक हासिल करना है।
सीएस तनय कसेरा का कहना है कि, पिछले वर्षों की तुलना में परिणाम बेहतर रहे हैं। युवाओं में कंपनी सेक्रेटरी पाठ्यक्रम को लेकर रुचि बढ़ी है। कंपनियों में भी सीएस की मांग बढ़ रही है। इसी वजह से विद्यार्थियों में इस प्रोफेशन को लेकर उत्साह दिखाई दे रहा है।
सीएस अंकित मेड़तवाल ने बताया कि, हमारा प्रयास रहेगा कि इंदौर चैप्टर से जुड़े प्रत्येक छात्र को पढ़ाई के अनुकूल आवश्यक सुविधाएं एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। इससे विद्यार्थियों के परिणामों में और बेहतर सुधार हो सकेगा। इसके साथ ही वे कंपनी सेक्रेटरी के रूप में कंपनियों के हित में मागदर्शन दे सकते हैं।
Updated on:
26 Aug 2026 07:54 am
Published on:
26 Aug 2026 07:54 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
