MP Crime: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में पुलिस के रेडियो विभाग में पदस्थ एएसआई की घिनौनी करतूत का खुलासा, पति के इलाज के लिए उधार लिए पैसे लौटाने में देर हुई तो महिला को धमकाकर करता था रेप...
Indore ASI Rape Case: इंदौर में पुलिस के रेडियो विभाग में पदस्थ एएसआई के खिलाफ एरोड्रम पुलिस ने रेप का केस दर्ज किया है। कई दिनों से पीड़िता परिवार के साथ एरोड्रम थाना के चक्कर लगा रही थी। लेकिन उसकी सुनवाई नहीं हो रही थी। बाद में महिला डीसीपी जोन-1 के पास पहुंची। इसके बाद पुलिस ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए आरोपी एएसआइ के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक महिला एएसआई गोविंद शर्मा पुत्र लक्ष्मी नारायण शर्मा के यहां 2022-23 में किराएदार रह चुकी है। महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति बीमार था, तो महिला ने एएसआई से इलाज के लिए कुछ पैसे उधार लिए थे। जब उन्हें लौटाने में देरी हुई तो इसी का फायदा उठाते हुए एएसआइ ने उसको डरा-धमका कर कई बार उसका रेप किया। महिला का आरोप है कि मामले में उसने कई पुलिस अफसरों से शिकायत की थी। लेकिन उसकी कहीं भी सुनवाई नहीं हो रही थी। महिला ने आरोपी से परेशान होकर नवंबर 2023 में ही एएसआइ का मकान खाली कर दिया था।
डीसीपी विनोद कुमार मीणा ने बताया, मंगलवार को 30 वर्षीय पीड़िता शिकायत लेकर पहुंची थी। उसका कहना था, एएसआइ गोविंद शर्मा निवासी एरोड्रम ने उसके साथ कई बार रेप किया। पति की बीमारी का फायदा उठाकर उसने पैसे उधार देने के बाद दुष्कर्म किया। इसके बाद बच्चों को जान से मारने की बात पर रेप किया। जब विरोध किया तो धमकाने लगा। मामले में केस दर्ज कर लिया है। जांच के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश की जा रही है।