
Indore RTO Bomb Threat :मध्य प्रदेश के आर्थिक शहर इंदौर के आरटीओ कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से सोमवार को पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। ये धमकी विभाग के आधिकारिक मेल एड्रेस पर एक संदिग्ध ई-मेल के जरिए दी गई है, जिसे देखकर आरटीओ प्रबंधन के अधिकारी-कर्मचारियों के बीच हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत ही पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही तेजाजी नगर थाना पुलिस और बम निरोधक दस्ता (बीडीडीएस) मौके पर पहुंचा और पूरे परिसर की जांच शुरू की। टीम ने ऑफिस, पार्किंग और आसपास के सभी स्थानों को बारीकी से चेक किया, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक सामग्री नहीं मिली।
22 मार्च को आरटीओ के सरकारी ईमेल पर एक आउटलुक आईडी से मेल आया था। इसमें सोमवार को साइनाइड गैस बम से धमाके करने की धमकी दी गई थी। साथ ही एक राजनीतिक मामले का जिक्र करते हुए कर्मचारियों को वहां से हटाने की बात भी लिखी गई थी।
आरटीओ प्रदीप शर्मा ने बताया कि, ये मेल रविवार को आया था, लेकिन सोमवार को कार्यालय खुलने पर इसकी जानकारी सामने आई। इसके बाद तुरंत सुरक्षा के लिहाज से पुलिस को सूचित किया गया। पुलिस और बम स्क्वाड की जांच में कुछ भी नहीं मिला। फिलहाल, हालात नियंत्रण में हैं।
यही नहीं, सोमवार को ही राजधानी भोपाल में स्थित डिविज़नल कमिश्नर ऑफिस को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इस धमकी की कॉमन बात ये है कि, इसे भी विभाग के आधिकारिक मेल एड्रेस पर भेजा गया। ईमेल के जरिए ये दावा किया गया था कि, कार्यालय परिसर में साइनाइड गैस और आरडीएक्स से जुड़े विस्फोटक तैयार किए गए हैं। धमकी को गंभीरता से लेते हुए यहां भी डॉग स्क्वाड और स्थानीय पुलिस ने सघन जांच की, जिसके बाद धमकी को फर्जी बताते हुए कोई भी संदेहास्पद सामग्री ना मिलने की पुष्टि की गई।
वहीं, मामले को लेकर जांच अधिकारियों का कहना है कि, स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। फिलहाल जांच जारी है। साथ ही, कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है।