
डिविज़नल कमिश्नर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी (Photo Source- Patrika Input)
Bomb Threat :मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब यहां स्थित डिविज़नल कमिश्नर ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल विभाग को मिला। ईमेल के जरिए ये दावा किया गया है कि, कार्यालय परिसर में साइनाइड गैस और आरडीएक्स से जुड़े विस्फोटक तैयार किए गए हैं।
हालांकि, ई-मेल में दोपहर 1:15 बजे तक सभी लोगों को कार्यालय खाली कराने की चेतावनी दी गई थी, लेकिन खबर लिखे जाने तक वो समय बीत चुका है। ई-मेल में तमिलनाडु के मंत्री वी. सेंथिल बालाजी का उल्लेख करते हुए उनसे जुड़े मामले में सेंट्रल ब्यूरो ऑफ इनवेस्टिगेशन यानी सीबीआई को हटाने की मांग भी की गई है।
धमकी भरा ई-मेल मिलते ही प्रशासन और पुलिस अलर्ट मोड में आ गए। सुरक्षा एजेंसियों ने तत्काल कमिश्नर कार्यालय और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया। बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर तैनात किया गया है। फिलहाल, कार्यालय में सघन सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा है।
प्रारंभिक जांच में ई-मेल संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, लेकिन सुरक्षा के मद्देनज़र कोई भी जोखिम नहीं लिया जा रहा है। पुलिस साइबर सेल के जरिए ई-मेल भेजने वाले सोर्स की पहचान करने में जुटी हुई है।
वहीं, मामले को लेकर जांच अधिकारियों का कहना है कि, स्थिति पूरी तरह से नियंत्रण में है और आम जनता से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है। फिलहाल जांच जारी है। साथ ही, कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और भी कड़ी कर दी गई है।
धमकी भरे मेल की सूचना मिलने के बाद कोहेफिजा पुलिस समेत बम डिस्पोजल और डॉग स्क्वायड की टीम सर्चिंग में जुट गई। हालांकि, सर्चिंग में किसी तरह की संदिग्ध वस्तु पुलिस के हाथ नहीं लगी है। पुलिस आईपी एड्रेस के आधार पर मेल भेजने वाली की तलाश कर रही है।
ये कोई पहला मौका नहीं, जब राजधानी भोपाल के प्रतिष्ठानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई हो। इससे पहले नापतौल विभाग के कार्यालय को साइनाइड गैस से उड़ाने की धमकी दी गई थी। हालांकि, बम डिस्पोजल स्क्वाड को जांच के दौरान कोई विस्फोटक नहीं मिला था। विभाग के ई-मेल आईडी पर ये धमकी भरा मैसेज आया था। जिसमें लिखा था- भोपाल नापतौल विभाग कार्यालय में साइनाइड गैस से भरे 16 सिलेंडर रख दिए हैं। दोपहर करीब 1 बजे के आसपास ये सभी फट जाएंगे।
यही नहीं, उससे पहले भी भोपाल एयरपोर्ट को कई बार बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है, जिसके चलते कई बार फ्लाइट्स तक देरी से उड़ान भर पाईं। वहीं, एम्स और पीपुल्स यूनिवर्सिटी को भी बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। हालांकि, इन सभी धमकियों में किसी तरह का बम जैसी कोई वस्तु मिलने की कोई खबर सामने नहीं आई। लेकिन, एक बड़ी बात ये भी है कि, धमकियां इतनी मिल चुकी हैं, पर अबतक इस मामले में कार्रवाई के तौर पर एक भी धमकी देने वाला नहीं पकड़ा सका है।
Updated on:
23 Mar 2026 02:22 pm
Published on:
23 Mar 2026 02:21 pm
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
