इंदौर की यातायात पुलिस शहरवासियों को यातायात नियम के प्रति जागरुक करने के लिए शहर में जगह जगह सांप-सीढ़ी के खेल आयोजित कर रहा है।
स्वच्छता के क्षेत्र में देश का नंबर वन शहर इंदौर अपने अनोखे और नए नए अंदाज में कार्यों को करने को लेकर हमेशा चर्चा में रहता है। इसी तरह अब इंदौर शहरवासियों को खेल-खेल में यातायात नियम सिखाकर जागरुक कर रहा है। दरअसल, इंदौर की यातायात पुलिस शहरवासियों को यातायात नियम के प्रति जागरुक करने के लिए शहर में जगह जगह सांप-सीढ़ी के खेल आयोजित कर रहा है। एक इलाके में लोगों की भीड़ लगी थी, जिनमें से कुछ लोगों को सांप काट रहा था तो कुछ सीढ़ी की मदद से ऊपर भी चढ़ रहे थे।
इस खेल में फर्क सिर्फ ये था कि सांप सीढ़ी के हर बॉक्स पर यातायात नियम लिखे हुए थे। इन बॉक्स में यातायात चिन्हों और नियमों की जानकारी और कारण लिखे थे। इस गेम में यातायात के नियमों के पालन करने पर सीढ़ी मिली तो नियम तोड़ने पर सांप काट रहा था।
1 से 15 जनवरी तक अभियान
आपको बता दें कि शहरवासियों के यातायात नियमों के प्रति जागरुकता लाने का ये अनोखा अंदाज पुलिस मुख्यालय की ओर से शहर के अलग अलग सार्वजनिक स्थलों पर चलाया जा रहा है। इस अभियान की शुरुआत 1 जनवरी से की गई है, जो अलग अलग इलाकों की सड़कों पर 15 जनवरी 2024 तक सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत चलाया जा रहा है। इस दौरान यातायात पुलिस द्वारा शहरवासियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक फैलाने का काम किया जा रहा है।
56 दुकान क्षेत्र में चला अभियान
सड़क सुरक्षा अभियान के तहत टू-व्हीलर चलाते समय हेलमेट लगाने और सड़क दुर्घटनाओं में मौत के साथ साथ घायलों की संख्या में कमी लाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस एक दिन पहले 56 दुकान इलाके में पहुंची और आम नागरिकों को यातायात का पाठ पढ़ाया। इस दौरान यहां मौजूद लोगों को सांप सीढ़ी का खेल खिलाया गया, जिसमें ट्रैफिक नियम तोड़ने पर सांप काट रहा था तो नियमों का पालन करने वाले को सीढ़ी पर चढ़कर तेजी से आगे बढ़ने दिया जा रहा था। इसके लिए सड़क किनारे एक विशेष बोर्ड तैयार किया गया था।
लोगों से अपील
कार्यक्रम का संचालन आरजे उज्जवल और प्रधान आरक्षक रणजीत सिंह ने किया। वहीं मोर्या सरिया ने यातायात पुलिस के साथ मिलकर यातायात रथ तैयार किया, जिसमें गीत-संगीत, इंदौरी आर्टिस्ट की टीम द्वारा शहर के विभिन्न चौराहों, मॉल आदि में भ्रमण कर जागरूकता कार्यक्रम चलाया जा रहा है। इस दौरान खेल-खेल में वाहन चालकों से अपील भी की गई कि वो दोपहिया वाहन पर सवार हो तो हेलमेट पहनें और चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट जरूर लगाएं।