
advait upadhyay case : इंदौर के रहनेवाले इंजीनियर अद्वैत उपाध्याय की खोज लगातार जारी है। उन्हें लापता हुए 10 दिन बीत चुके हैं। अद्वैत उपाध्याय को तलाशने के लिए पुलिस ने एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, वन विभाग, फोरेंसिक टीमों के साथ भी दुर्गम जंगल को ड्रोन कैमरों से भी खंगाला। यहां तक कि ‘स्पाइडर मैन’ के नाम से विख्यात कर्नाटक के पर्वतारोही ज्योति राज उर्फ कोठी राज की टीम की भी मदद ली पर उनका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद अद्वैत उपाध्याय की शिवगंगा में तलाशी बंद कर दी गई। अब उन्हें खोजने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। अद्वैत उपाध्याय की मंगेतर भी जांच के दायरे में है। कुछ अन्य लोगों के मोबाइल कॉल डिटेल्स खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को इससे कुछ खुलासा होने की उम्मीद है। अद्वैत उपाध्याय के लिए इंदौर पुलिस, बेंगलुरु पुलिस से लगातार संपर्क में बनी है।
अद्वैत उपाध्याय की मां इंदौर में अकेली रहती हैं। वे अपने बेटे के लिए बहुत चिंतित है। परिजनों का कहना है कि अद्वैत उपाध्याय अपनी मां के प्रति बहुत संवेदनशील था। भविष्य में मां के साथ ही रहना चाहता था। अद्वैत उपाध्याय ने भविष्य में इंदौर शिफ्ट होने का भी बाकायदा प्लान बना लिया था। अगले साल उसकी शादी भी होनी थी।
10 दिन बीत जाने पर भी अद्वैत उपाध्याय का कोई सुराग नहीं मिलने पर मां व अन्य परिजनों की चिंता बढ़ गई है। सभी लोग उसकी सलामती की दुआ कर रहे हैं। इधर पुलिस ने केस सुलझाने के लिए तकनीकी जांच पर फोकस कर दिया है। पुलिस ने अद्वैत उपाध्याय के मोबाइल और लैपटॉप की सर्च हिस्ट्री के आधार पर जांच शुरु की है।
शिवगंगा में तलाशी अभियान के दौरान पुलिस को शांताला ड्रॉप के पास अद्वैत उपाध्याय का मोबाइल मिल गया था। यह बात भी सामने आई थी उसने ट्रेकिंग पर जाने से पहले मंगेतर को काल किया था। अद्वैत उपाध्याय ने दोपहर तक लौट आने की बात भी कही थी। उसकी मंगेतर बेंगलुरु में ही रहती है। पुलिस अब मंगेतर से विस्तार से पूछताछ करने की बात कह रही है।
अद्वैत उपाध्याय की मंगेतर के बयान को भी अभी तक मिले दूसरे तथ्यों से परखा जा रहा है। पुलिस के अधिकारी कुछ अन्य लोगों की मोबाइल की कॉल डिटेल्स भी खंगाल रहे हैं, उनकी गतिविधियों की भी जांच की जा रही है। हालांकि मामले में अभी तक किसी पर भी कोई आरोप नहीं लगाया गया है। साइबर एक्सपर्ट्स अद्वैत उपाध्याय के कॉल डिटेल के साथ अन्य डिजिटल एक्टिविटीज की जांच भी कर रहे हैं।