इंदौर

सरदारपुर में सिंचाई जल वितरण शुरू, पाइपलाइन से छेड़छाड़ पर प्रकरण दर्ज

नर्मदा झाबुआ-सरदारपुर सिंचाई परियोजना के तहत डीएम-2 और डीएम-3 से सरदारपुर कमांड क्षेत्र में सिंचाई के लिए जल वितरण प्रारंभ कर दिया गया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:06 PM IST
नर्मदा झाबुआ-सरदारपुर सिंचाई परियोजना के तहत जल वितरण प्रारंभ

सरदारपुर. तीन दिन के शटडाउन के बाद यह वितरण ग्राम चालनी, राजपुरा, अमझेरा और मारोल में शुरू किया गया है, जिससे रबी फसलों की सिंचाई के लिए आवश्यक जल उपलब्ध हो सकेगा। परियोजना की राइजिंग मेन पाइपलाइन में अनाधिकृत छेड़छाड़, वाल्व खोलने और जल वितरण व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियों को जिला प्रशासन और विभाग ने गंभीरता से लिया है। इस संबंध में अमझेरा थाने में मिंडा के दो व्यक्तियों दिलीप पिता छोगालाल और जसवंत पिता दिलीप पर अनाधिकृत रूप से वाॅल्व खोलने का प्रकरण दर्ज किया गया है। कलेक्टर राजीव रंजन मीना द्वारा परियोजना की जल वितरण व्यवस्था और पाइपलाइन की सुरक्षा की प्रतिदिन स्वयं निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में एसडीएम अजमेर सिंह गौड़ और थाना प्रभारी सरदारपुर ने पुलिस व प्रशासनिक दल के साथ क्षेत्र का निरीक्षण किया।

जल वितरण प्रणाली की सुरक्षा पर जोर

उन्होंने संबंधितों को जल वितरण व्यवस्था में बाधा डालने या पाइपलाइन से छेड़छाड़ नहीं करने के सख्त निर्देश दिए। राइजिंग मेन पाइपलाइन और जल वितरण प्रणाली की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ जिला प्रशासन के समन्वय से एक विशेष निगरानी दल बनाया गया है। यह दल पाइपलाइन व संबंधित संरचनाओं का सतत निरीक्षण करेगा और अवैध गतिविधियों पर नजर रखेगा। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शासकीय पाइपलाइन और संपत्तियों को नुकसान पहुंचाने, अनधिकृत रूप से जल लेने तथा जल वितरण व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:06 PM IST
Published on: