
Jitu Patwari on Mohan Bhagwat- मध्यप्रदेश कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत पर निशाना साधा है। उन्होंने आरएसएस पर भी कई आरोप लगाए। जीतू पटवारी ने कहा कि आज मोहन भागवत उज्जैन में हैं और युवाओं से चर्चा कर रहे हैं तो उन्हें एक्सेप्ट करना पड़ेगा कि जहां धांधली होती है जहां पेपर लीक होता है, जहां परीक्षाओं में किसी न किसी प्रकार की विकृति आती है तो उसमें सबसे ऊपर सबसे बैठा हुआ आरएसएस का व्यक्ति होता है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी शुक्रवार को मीडिया से बात कर रहे थे। वे शनिवार को होने वाले कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के बारे में बात कर रहे थे। जीतू पटवारी ने कहा कि यह मोहन भागवतजी को प्रदेश को बताना पड़ेगा कि नीट की धांधली करने वाला जोशी और मेहरा कौन था। जो यूनिवर्सिटी जहां 70 प्रतिशत पद खाली हैं तो सब यूनिवर्सिटी में आरएसएस के लोग क्यों भरे हैं।
जीतू पटवारी ने आगे आरोप लगाया कि आपको इस विचारधारा से प्रेरित होकर लोगों को नौकरियां मिले, ऐसी व्यवस्था बना दी। कि कम नंबर वाला ज्यादा नंबर वाले को कांपीट करके पास हो जाता है, नियुक्तियां पा लेता है। और ऐसी व्यवस्था को स्मूथ बना लिया और यह व्यवस्था का अंग बना लिया। मैं मानता हूं कि ऐसी स्थिति पर चर्चा करने के लिए राहुल गांधीजी आ रहे हैं।
जीतू पटवारी ने अपनी प्रेस कांफ्रेंस में एक के बाद एक अनेक आरोप लगाए। जिसमें उन्होंने कहा कि उज्जैन आने से उम्मीद थी मध्य प्रदेश के युवाओं के ज्वलंत सवालों पर बात होगी और भाजपा सरकार को दिशा मिलेगी! लेकिन, मेरे प्रदेश के लाखों, युवाओं के सवाल अभी भी अनुत्तरित हैं!
सरकारी विभागों में 1.04 लाख से ज्यादा पद खाली हैं! आपने बताया नहीं कि युवाओं की भर्ती कब होगी? सरकार के रोजगार पोर्टल पर 27 लाख से ज्यादा युवा Job Seekers दर्ज हैं! इनके भविष्य की जिम्मेदारी कौन लेगा? #MPPSC की कई भर्तियां वर्षों से लंबित हैं! जवाब मिलना चाहिए कि युवा परीक्षा दें या नियुक्ति का इंतजार करें? PLFS-2025 में 15–29 वर्ष के युवाओं की बेरोजगारी दर 4.2% दर्ज है, जबकि शहरी युवाओं में यह 9.1% है, क्यों? UDISE+ के अनुसार मप्र में 7,217 स्कूल आज भी Single-Teacher Schools हैं! गुणवत्तापूर्ण शिक्षा कैसे मिलेगी? इन Single-Teacher स्कूलों में ही 2.29 लाख विद्यार्थी पढ़ रहे हैं! एक शिक्षक पर इतनी बड़ी जिम्मेदारी क्यों है? डिग्री के बाद रोजगार का रास्ता स्पष्ट नहीं! सरकारी भर्ती वर्षों तक लंबित, युवा अपना भविष्य किस भरोसे पर बनाए? परीक्षा, परिणाम, चयन और नियुक्ति में देरी युवाओं के वर्षों छीन रही है! समयबद्ध भर्ती कैलेंडर कब लागू होगा? कौशल विकास की बात बहुत होती है, लेकिन आपने बताया नहीं कि कौशल के बाद स्थायी रोजगार का रास्ता कहां है? जब पढ़े-लिखे युवाओं को अपने प्रदेश में अवसर नहीं मिलता, तो उन्हें दूसरे शहरों और राज्यों की ओर क्यों जाना पड़ता है? आज मप्र का युवा प्रवचन नहीं, शिक्षा, रोजगार, भर्ती और अपने भविष्य पर स्पष्ट जवाब चाहता है! लेकिन, आपने उन्हें निराश किया है! आग्रह है, कल यानी कि 19 सितंबर को इंदौर में हो रहे #ChhatronKiGoonj को सुनिए, सच की आवाज आपको साफ सुनाई देगी!