
लखन शर्मा
इंदौर. अमेरिका से शुरू हुआ किकी डांस देखते ही देखते दुनिया के अलग अलग देशों, अलग-अलग राज्यों और शहरों में फैल चुका है। इंदौर में भी इस डांस के दीवानों को देखा जा रहा है। किकी वीडियोज की शुरुआत कॉमेडियन शिग्गी ने की थी। इसके बाद इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर अपलोड किया। इसके बाद फुटबॉलर ओडेल बेकहम ने इस चैलेंज को स्वीकार किया और इसे इंस्टाग्राम पर शेयर किया। जिसके बाद देखते ही देखते इस चैलेंज का वीडियो दुनिया के कई हिस्सों से सामने आने लगे हैं। यहां तक किअब इंदौर के युवा भी इसके वीडियो अपलोड करने लगे हैं। इस वीडियो में लोग रैपर ड्रेक के गाने इन माइ फीलिंगस पर डांस करते नजर आ रहे हैं। इंदौर शहर में यंगस्टर्स में इसका क्रेज बढ़ रहा है और साथ ही नए प्रयोग भी देखने को मिल रहे हैं। ये वीडियो सोशल मीडिया पर काफी ट्रेंड कर रहे है और कई यंगस्टर्स इन्हें फॉलो भी कर रहे हैं।
ड्राइविंग सीट पर बैठा व्यक्ति बनाता है वीडियो
देश में मुंबई, दिल्ली, राजस्थान, पंजाब, हरियाण सहित सभी प्रदेशों के युवाओं ने किकी चैलेंज स्वीकार किया और अपने वीडियो बनाकर यू ट्यूब, फेसबुक पर अपलोड किए हैं। दरअसल, किकी डांस चैलेंज के तहत ड्राइविंग सीट पर बैठा व्यक्ति धीरे-धीरे गाड़ी चलाता है। उसके पास बैठा व्यक्ति गाड़ी से उतरकर डांस करता है और गाड़ी चलाने वाला व्यक्ति गाड़ी चलाते हुए उसका वीडियो बनाता है।
कचरे को लेकर जारी किया वीडियो
शहर के यू-ट्यूबर राहुल भोसले ने इसी तरह का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी किया है, जिसको देखकर अब और भी युवा इस तरह वीडियो बनाने में लगे हैं। राहुल ने बताया कि इस तरह का डांस खतरनाक हो सकता है। हमने टीम वर्क के साथ काम किया है जिससे ट्रैफिक का ध्यान रखा जा सकें। सबसे बड़ी बात यह है कि इस वीडियो को उन्होंने इंदौरी टच दिया है। क्लीन इंदौर का मैसेज देते हुए देख देख देख तू यहां वहां न फेंक..... गाड़ी वाला आया घर से कचरा निकाल गाने पर डांस करते हुए कचरे को गाड़ी में डाला जा रहा है। इस वीडियो को स्कीन नंबर 136 में शूट किया गया है। इस तरह के वीडियो बनाने में जान का खतरा हो सकता है। इस तरह के चैलेंज रिस्की हो सकते हैं।