
Indore News :मध्य प्रदेश के इंदौर नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए संपत्ति कर और जल कर का अग्रिम भुगतान करने पर विशेष छूट देने की घोषणा का आज आखिरी दिन है। 30 जून 2026 यानी आज रात 12 बजे तक प्रॉपर्टी और वाटर का अग्रिम टेक्स जमा करने वाले शहर के नागरिकों को संपत्ति कर पर 6.25 फीसद और जल कर पर 6 फीसद की छूट रहेगी। करदाता ऑनलाइन पोर्टल, नागरिक सुविधा केंद्रों या नगर निगम के जोन कार्यालयों पर पहुंचकर कर भुगतान कर सकते हैं। बता दें कि, समय पर टैक्स भुगतान न सिर्फ छूट का लाभ दिलाता है, बल्कि शहर के विकास कार्यों में भी खास योगदान करता है।
अग्रिम संपत्तिकर और जलकर जमा करने वाले करदाताओं को दी जा रही छूट का आज आखिरी दिन है। ऐसे में नगर निगम के 22 जोन पर तैनात सहायक राजस्व अधिकारी (एआरओ) को बड़े अग्रिम करदाताओं से संपर्क कर 10 करोड़ रुपए लाने का टारगेट दिया गया है। निगम राजस्व विभाग हर साल 1 अप्रैल से 30 जून तक अग्रिम संपत्तिकर जमा करने पर 6.25 प्रतिशत और जलकर जमा करने पर 6 प्रतिशत तक की छूट देता है।
महापौर पुष्यमित्र भार्गव, निगमायुक्त क्षितिज सिंघल और राजस्व प्रभारी निरंजन सिंह चौहान ने शहरवासियों से अपील की है कि, वे निगम की इस योजना का लाभ उठाते हुए समय पर टैक्स जमा करें। उनका कहना है कि, इससे करदाताओं को आर्थिक लाभ मिलेगा और शहर के विकास कार्यों में भी सहयोग मिलेगा।
इंदौर नगर निगम में अपनी संपत्ति और पानी का अग्रिम टैक्स जमा करने पर मिलने वाली छूट का आज आखिरी दिन है। इसके चलते निगम मुख्यालय और 22 जोनल कार्यालयों पर कैश काउंटर देर रात तक चालू रखे जाएंगे ताकि करदाता अपना अग्रिम टैक्स जमा करा सकें। इधर, 22 जोन पर तैनात एआरओ को जोनवार अलग-अलग टारगेट देकर 10 करोड़ रुपए अग्रिम टैक्स जमा कराने का कहा गया है।
गौरतलब है कि, इस बार प्रभारी निरंजन सिंह चौहान और निगमायुक्त क्षितिज सिंघल ने अग्रिम संपत्तिकर 150 करोड़ रुपए वसूलने का टारगेट सेट किया है, जिसमें से 140 करोड़ रुपए जमा किए जा चुके हैं। शेष 10 करोड़ रुपए की राशि आज जमा कराने की उम्मीद है। अग्रिम जलकर के जरिए तकरीबन 17 करोड़ रुपए जमा हो गए हैं।