
इंदौर. सुर साम्राज्ञी लता मंगेशकर ने करीब साढ़े सात हजार गीत गाए हैं और उनका गाया हर गीत पूरे देश में केवल इंदौर के सुमन चौरसिया के पास मौजूद है। उनके संग्रह में कई दुर्लभ गीत हैं इसलिए जब लता जी को इस संग्रह के बारे में पता चला तो उन्होंने सुमन चौरसिया से अपने कई दुर्लभ मांगे और चौरसिया ने उन्हें करीब २०० गीत सीडी में रिकॉर्ड कर भेजे क्योंकि ओरीजनल ग्रामोफोन रेकॉर्ड वो किसी को नहीं देते। लता जी ने देश की लगभग हर भाषा के साथ साथ भोजपुरी, मैथिली, मागधी, गढ़वाली, और छत्तीसगढ़ी जैसी बोलियों में भी गीत गाए हैं। इनके साथ ही श्रीलंका की सिंहली, अफ्रीका की स्वाहिली और इंडोनेशियन भाषा में भी गाया है और सुमन चौरसिया के संग्रह में ये सब गीत मौजूद हैं।
लता जी हो गईं भावविभोर
१९८४ में जब लता मंगेशकर इंदौर आई थीं तब चौरसिया ने उन्हें अपने संग्रह के बारे में उन्हें बताया तो वो भावुक हो गईं और तभी उन्होंने कुछ दुर्लभ गीत उनसे मांगे। जब वो सारे गीत जब चौरसिया के पास मिल गए तो लता जी भावविभोर हो गई। लता जी ने जो गीत चौरसिया से मांगे उनमें ज्यादातर वो गीत हैं जो उनके करियर के शुरुआती दिनों के हैं यानी १९९४४ से १९४८ के बीच हैं। इन भूले बिसरे गीतो को ढूंढ पाना तकरीबन नामुमकिन ही था।
सुमन चौरसिया ने करीब २०० दुर्लभ गीत उन्हें दिए जिनमंे १९४६ का फिल्म जीवन यात्रा का गीत चिडि़या बोले चूंचूंचूं...., जिसके संगीतकार थे वसंत देसाई, इसी साल का फिल्म सोना चांदी का गीत प्यारे बापू के चरणों की ले लो कसम......, इसके संगीतकर थे डीसी दत्त। वसंत देसाई के संगीत निर्देशन में फिल्म सुभद्रा के गीत पिया आएगा गौरी सुध ना बिसार...., फिल्म आपकी सेवा में का पा लागूं कर जोरी रे श्याम मो से न खेलो होरी रे.... सहित अनेक गीत हैं जो चौरसिया को जबानी याद हैं।
लता जी के गीतों का कोश
ग्रामोफोन रेकॉर्ड्स के अपने संग्रहालय को चौरसिया ने२००७ में लता दीनानाथ मंगेशकर ग्रामोफोन रेकॉर्ड संग्रहालय नाम दिया है। संग्रहालय की ओर से लता मंगेशकर पर केन्द्रित तीन पुस्तकों का प्रकाशन किया गया है। पहली किताब है लता समग्र। ये लता जी के गाए करीब साढ़े सात हजार गीतों का कोश है। इसमें हिन्दी के साथ ही अन्य देशी- विदेशी भाषाओं के गीत,गैर फिल्मी गीत, अप्रदर्शित फिल्मों के गीत शामिल हैं। इस कोश में गीत की पहली लाइन के साथ फिल्म का नाम, वर्ष, गीतकार और संगीतकार के नाम भी दिए गए हैं। ये एक तरह का संदर्भ ग्रंथ ही है। दो और किताबें हैं जिनमें लता जी के गीतों पर गीत समीक्षक अजात शत्रु की लिखी समीक्षाएं हैं।
२८ हजार रेकार्ड्स का संग्रहालय
सुमन चौरसिया के पास लता मंगेशकर सहित अन्य गायक- गायिकाओं के गाए करीब २८ हजार रेकार्ड्स हैं। उनका ये संग्रह हिन्दी गीतों में देश में सबसे बड़ा है। उनसे बड़ा संग्रह चैन्नई के रंगाराव का है पर उनके संग्रह में दक्षिण भारतीय भाषाओंे के गीत ज्यादा हैें। उनके संग्रह में केवल लता मंगेशकर ही वो फनकार हैं जिनका हर भाषा का गीत यहां है। उनका कहना है लताजी को सुनने पर एेसा लगता है जैसे ईश्वर में ध्यान लगा रहे हों। ६९ बरस के सुमन चौरिसया ने १९६९ से रेकार्डस खरीदना शुरू किया था । कई रेकॉर्ड्स उन्होंने मुंबर्र्ई के चोर बाजार, भिंडी बाजार और कोलकाता की गलियों से खरीदे हैं। अब उन्हें चिंता है कि इस संग्रह के संरंक्षण की, क्योंकि उनके पास कवर्ड आलमारियां नहंी हैं जिनसे ये रेकार्ड्स धूल और नमी से बच सके।