
Indore Leopard Attack: मध्यप्रदेश के इंदौर शहर के बिचौली मर्दाना क्षेत्र में Blinkit के डिलीवरी बॉय पर हमले के बाद दहशत फैलाने वाला तेंदुआ दूसरे दिन भी वन विभाग की पकड़ से दूर है। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद बुधवार सुबह भी वन विभाग की टीम दोबारा मौके पर पहुंची, लेकिन तेंदुए का कोई नया सुराग नहीं मिला। इससे अधिकारियों का अनुमान है कि वह आबादी छोड़कर आसपास के जंगल की ओर लौट गया है। हालांकि अभी इसकी पूरी तरह से पुष्टि नहीं हुई है और इलाके के रहवासी दहशत में हैं।
देखें वीडियो-
वन विभाग के अनुसार तेंदुए का सबसे आखिरी सुराग एक सरकारी स्कूल के पास मिला था। स्कूल के पीछे मैदान तक तेंदुए के पगमार्क दिखाई दिए, लेकिन इसके आगे निशान अचानक खत्म हो गए। इसी वजह से माना जा रहा है कि तेंदुआ वहां से जंगल की तरफ निकल गया होगा। इसके बावजूद किसी भी संभावना को देखते हुए टीम लगातार इलाके की निगरानी कर रही है। सुबह वन विभाग के अमले ने पुलिस और स्थानीय लोगों के सहयोग से खेतों, झाड़ियों और संभावित ठिकानों की दोबारा तलाशी ली। आसपास के क्षेत्रों में भी तेंदुआ के नए पगमार्क तलाशे गए, लेकिन कोई ताजा संकेत नहीं मिला। जिसके कारण तेंदुए का अभी कुछ पता नहीं चल पाया है। इधर तेंदुए के पकड़े न जाने से इलाके में रहवासियों में दहशत का माहौल है।
अधिकारियों का कहना है कि यदि तेंदुए की मौजूदगी के नए सबूत मिलते हैं तो बिना देरी किए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक संसाधन और टीम तैयार रखी गई है। वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और अकेले सुनसान स्थानों पर जाने से बचें। यदि कहीं तेंदुआ दिखाई दे या उसके पगमार्क मिलें तो तुरंत विभाग या पुलिस को सूचना दें, ताकि तेंदुए की मौजूदगी की पुष्टि होते ही उसे सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ा जा सके।
बता दें कि इंदौर के कनाड़िया थाना क्षेत्र के बिचौली मर्दाना इलाके में मंगलवार रात एक तेंदुए के घुसने से हड़कंप मच गया था। रात करीब 8:30 बजे तेंदुआ आबादी वाले हिस्से में पहुंचा और वहां से गुजर रहे Blinkit डिलीवरी बॉय जो कि बाइक पर सवार था उस पर झपट्टा मार दिया था। तेंदुए के हमला करते ही डिलेवरी बॉय किसी तरह जान बचाकर भाग निकला था, इसका एक वीडियो भी सामने आया था। इस घटना के बाद तेंदुआ एक मकान के बाथरूम में घुस गया था और फिर वहां से निकलकर भाग गया था।