इंदौर

लॉक डाउन का उल्लघंन : पॉर्किंग में लगी सब्जी मंडी और खरीदने के लिए लोगों की भीड़

सूचना मिलते ही बंगाली चौराहे के पास गुलमोहर वैली मल्टी पर पहुंचा नगर निगम अमला, कार्रवाई कर जब्त किया सारा माल
2 min read
May 20, 2020
लॉक डाउन का उल्लघंन : पॉर्किंग में लगी सब्जी मंडी और खरीदने के लिए लोगों की भीड़
लॉक डाउन का उल्लघंन : पॉर्किंग में लगी सब्जी मंडी और खरीदने के लिए लोगों की भीड़

इंदौर. आज सुबह बंगाली चौराहा के पास एक मल्टी की पार्किंग में लॉक डाउन का उल्लंघन करते हुए ऑर्गेनिक सब्जियां बेचने के लिए मंडी लग गई। सब्जियां खरीदने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई। इसकी सूचना जब नगर निगम अफसरों तक पहुंची तो कार्रवाई के लिए अमला मौके पर पहुंचा और सभी सब्जियां जब्त कर चिडिय़ाघर भेज दी गईं।

कलेक्टर मनीष सिंह ने कुछ लोगों को शहर में ऑर्गेनिक सब्जियां बेचने की परमिशन दी है। ये लोग लॉक डाउन के नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। ऑर्डर मिलने पर डोर-टू-डोर यह सब्जियां पहुंचाने के आदेश हैं, लेकिन ये ऑर्गेनिक सब्जी सप्लायर शहर की बड़ी-बड़ी मल्टियों की पार्किंग में मंडी लगाकर सब्जियां बेच रहे हैं।

आज सुबह निगम के अफसरों को सूचना मिली कि कनाडिय़ा रोड पर बंगाली चौराहा के पास गुलमोहर वैली मल्टी में ऑर्गेनिक सब्जियां बेचने के लिए मंडी लग गई है। सब्जी खरीदने के लिए लोग सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न करते हुए भीड़ लगा रहे हैं। साथ ही मास्क का उपयोग भी नहीं कर रहे हैं। इस सूचना पर सहायक यंत्री लक्ष्मीकांत बाजपेयी अपनी टीम के साथ वहां और ऑर्गेनिक सब्जी को जब्त करने की कार्रवाई की। साथ ही दुकान लगाने वालों को फटकार अलग लगाई और लोगों को लॉक डाउन का पालन करने की समझाइश दी। मल्टी में कार्रवाई करने के बाद सारी सब्जियां जब्त कर चिडिय़ाघर भेज दी गईं। इसके अलावा लवकुश चौराहा, एमआर-10, पालदा, धार रोड, केट चौराहा, निरंजनपुर आदि जगह कार्रवाई कर एक ट्रक के आसपास सब्जियां जब्त की गईं।

व्यंकटेश नगर में जब्त किए आम
निगम जोनल अफसर सुमित अस्थाना ने व्यंकटेश नगर में कार्रवाई कर 22 बॉक्स आम, संतरे और अन्य फल जब्त किए हैं। इधर, तेजाजी नगर स्थित साउथ गुजरात ट्रांसपोर्ट पर दो ट्रक आम जब्त किए गए। इन्हें भी चिडिय़ाघर भेज दिया गया।

Published on:
20 May 2020 10:51 am