
Indore Lodhiya Kund Drowning: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के लोधिया कुंड में सोमवार को घूमने पहुंचे एक परिवार की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पानी में डूब रही युवती को बचाने की कोशिश में उसका चचेरा भाई भी गहरे पानी में डूब गया। परिवार के लोग मदद के लिए आवाज लगाते रहे और जब तक आसपास मौजूद लोग मदद के लिए पहुंचे और युवक-युवती को पानी से बाहर निकाला तब तक देर हो चुकी थी। पुलिस ने युवक-युवती के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इंदौर का चौहान परिवार सोमवार को पिकनिक मनाने के लिए लोधिया कुंड गया था। इसी दौरान पैर फिसलने के कारण 23 वर्षीय अंजलि चौहान पानी में जा गिरी। अंजली को डूबता देख 25 वर्षीय चचेरा भाई अजीत सिंह चौहान बिना देर किए बचाने के लिए कुंड में कूद पड़ा, लेकिन पानी की गहराई अधिक होने से दोनों संभल नहीं पाए और देखते ही देखते डूब गए। परिजनों की आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और दोनों को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। सिमरोल पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए महू स्थित मध्यभारत अस्पताल भेजा।
मृतकों की पहचान अजीत सिंह पिता भूपेंद्र चौहान (25), निवासी गोरी नगर, इंदौर और अंजलि चौहान पिता देवीसिंह चौहान (23), निवासी एमबी-59, वीणा नगर, सुखलिया, इंदौर के रूप में हुई है। दोनों आपस में चचेरे भाई-बहन थे। परिवार के साथ घूमने निकले दोनों के लिए यह सफर जिंदगी का आखिरी सफर साबित हुआ। सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सोमवार शाम पोस्टमार्टम के बाद दोनों शव परिजनों को सौंप दिए गए और परिजन इंदौर के लिए रवाना हो गए, हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।