
इंदौर. कांग्रेस ने इंदौर जिले की ९ में से 4 सीटों पर प्रत्याशी की घोषित कर दिए हैं। उम्मीदवार जनसंपर्क में भी जुट गए हैं। लेकिन जिनके नाम कटे, वे पार्टी से दूरी बनाए हुए हैं। इंदौर-३ में जोशी परिवार के बीच टिकट को लेकर लड़ाई थी। अश्विन जोशी को टिकट मिला तो चचेरे भाई पिंटू जोशी ने उनसे दूरी बना ली। पिंटू ने समर्थकों से इतना जरूर कहा, हम कांग्रेस के साथ हैं, पर अश्विन के लिए फिलहाल काम करने में कोई रुचि नहीं है। पिंटू ने कहा, अगर मेरे समर्थकों को टारगेट किया गया तो हम ईंट का जवाब पत्थर से देंगे। यहां का टिकट कांग्रेस के कद्दावर नेता महेश जोशी की हामी के बाद फाइनल हुआ है। दिल्ली में दिग्विजयसिंह के सामने दोनों पक्षों में सहमति का प्रयास हुआ, जिसके बाद अश्विन के नाम की घोषणा की गई। चुनाव की तैयारी में लगे पिंटू ने निगम के मार्केट में अपना ऑफिस भी खोल लिया था।
छलके आंसू, बोले-पार्टी ने भरोसा किया, अब आप समर्थन दें
विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 3 से कांग्रेस उम्मीदवार अश्विन जोशी का दिल्ली से इंदौर आने पर एयरपोर्ट पर समर्थकों ने स्वागत किया। यहां से वे खुली जीप में सवार होकर रैली के रूप में अपने निवास पर पहुंचे। घर पहुंचने पर वहां जमा कार्यकर्ताओं ने फूल-माला पहनाकर उनका स्वागत किया। इस दौरान अश्विन की आंखें छलक आईं। उन्होंने सभी से कहा, अब बारी आपकी है। आपका समर्थन चाहिए, ताकि मैं क्षेत्र का विकास कर सकूं। मुश्किल से टिकट मिलने के सवाल पर अश्विन का कहना था कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के सर्वे के आधार पर टिकट दिया गया है। लोगों में अच्छी छवि, इमानदारी के आधार पर सर्वे में उनका नाम सबसे ऊपर था, टिकट मिलने का यही आधार बना। उन्होंने कहा, पार्टी ने मुझ पर भरोसा किया है, मैं उसका आभारी हूं।
‘पार्टी के लिए काम करेंगे, किसी व्यक्ति विशेष के लिए नहीं ’
नगर निगम मार्केट में पिंटू जोशी के ऑफिस में रविवार दोपहर कार्यकर्ताओं का जमावड़ा था। सभी के चेहरे पर निराशा साफ झलक रही थी। साथ ही यह दर्द भी नजर आ रहा था कि अब अश्विन उनके साथ कैसा व्यवहार करेंगे? पिंटू ने समर्थकों से कहा, हमें विचलित होने की जरूरत नहीं है, हम कांग्रेस के सच्चे सिपाही हैं और पार्टी के लिए काम करेंगे। किसी व्यक्ति विशेष के लिए बिलकुल काम नहीं करेंगे। पिंटू ने आगे कहा, मैं आप सभी के साथ हूं, हमें कांग्रेस का सपोर्ट करना है। अगर मेरे समर्थकों को टारगेट किया गया तो मैं चुप नही बैठूंगा, ईंट का जवाब पत्थर से दूंगा। यह भी कहा, आप जहां चाहें वहां जाकर कांग्रेस का काम कर सकते हैं, किसी के लिए कोई बंधन नहीं है। बैठक में कहा गया, इंदौर- 3 से रमेश मेंदोला भाजपा के टिकट पर लड़ेंगे। खूब घमासान होगा। अब देखना है, कैसे और कौन चुनाव जीतता है?