
इंदौर। नवरात्रि पर्व में बुधवार को महाष्टमी मनाई जाएगी। शहर के प्रमुख मंदिरों में इस अवसर पर महायज्ञ के साथ पूर्णाहुति होगी। गुरुवार को नवमी पर पूजन के साथ ही नवरात्रि का समापन होगा। रात में अष्टमी पूजन करने वालों ने मंगलवार को भी अष्टमी पूजन किया। सुबह से लेकर देर रात तक मंदिरों में माता भक्तों की लंबी कतारे लगी रही।
अलसुबह से ही अन्नपूर्णा, बिजासन माता, हरसिद्धि सहित कई माता मंदिरों में अनुष्ठान हुए। सुबह से ही देर रात तक मंदिरों में भक्तों की दर्शन के लिए कतारें लगी रही। मंदिर परिसर माता के जयकारों से गूंजते रहे। बिजासन माता पर तो देर रात तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके थे। विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर नवरात्र अनुष्ठान में 121 विद्वानों द्वारा महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य में विभिन्न अनुष्ठानों का सिलसिला जारी है। मंगलवार को सप्तमी के उपलक्ष्य में कन्या पूजन के साथ वेद वेदांग विद्यापीठ के बटुकों एवं भक्तों ने लक्ष्यार्चन आराधना में भी भाग लिया। आचार्य पं राजेश शर्मा के निर्देशन में विद्वानों ने यज्ञशाला में चल रहे सग्रहमख सहस्त्रचंडी महायज्ञ में भी आहुतियां समर्पित की। आश्रम परिवार के पूनमचंद अग्रवाल ने बताया कि प्रतिदिन रात्रि में 108 दीपों से महाआरती में शामिल होने के लिए भक्तों का मेला पहले दिन से उमड़ रहा है। महायज्ञ में बुधवार को मां को प्रिय व्यंजनों से आहुतियां समर्पित की जाएंगीं। महाअष्टमी पर सौभाग्यवती एवं कन्या पूजन भी होगा। गुरूवार को दोपहर में महायज्ञ की पूर्णाहुति होगी।
अन्नपूर्णा मंदिर में महाआरती- फोटो - जे
अन्नपूर्णा मंदिर पर शारदीय नवरात्रि के अंतर्गत महामंडलेश्वर स्वामी विश्वेश्वरानंद गिरि के सान्निध्य एवं आचार्य पंकल्याणदत्त शास्त्री के निर्देशन में सप्तमी के उपलक्ष्य में अन्नपूर्णा विद्यालय के 700 से अधिक बालक-बालिकाओं ने समाजसेवी पवन मित्तल के आतिथ्य एवं आश्रम के न्यासी सत्यनारायण दूधवाले तथा जगदीश भाई पटेल एवं श्याम सिंघल के साथ परंपरागत परिधान में सज-धजकर मातारानी की आरती की। मातारानी का भी विशेष आकर्षक श्रृंगार किया गया था। इस अवसर पर समूचे मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत एवं दीप सज्जा से श्रृंगारित किया गया था। बुधवार को महाअष्टमी पर शाम 7.30 बजे महाआरती होगी। आश्रम पर चल रहे शतचंडी महायज्ञ की पूर्णाहुति 18 अक्टूबर महानवमी को होगी। अष्टमी के दिन समूचे मंदिर परिसर को तीन हजार दीपों से श्रृंगारित किया जाएगा।
वैष्णवधाम पर १००१ कन्याओं का पूजन महानवमी पर - फोटो - स्केन
बिचौली मर्दाना स्थित श्री वैष्णवधाम में मंगलवार को महिलाओँ ने दीप गरबा नृत्य के साथ ही मां की आराधना की। श्री जागृति महिला मंडल की वंदना जायसवाल ने बताया कि पूरी नवरात्रि माता का विशेष श्रृंगार किया जाता है। बुधवार को महाष्टमी पर विशेष श्रृंगार होगा। गुरुवार को महानवमी पर १००१ बालिकाओं का पूजन व शिक्षण सामग्री का वितरण होगा। १००८ महिलाएं महाआरती करेंगी।