
mp news: इंदौर जिले के डॉ. आंबेडकर नगर (mhow) के पास पर्यटन स्थल जाम गेट है। यहां फायरिंग रेंज में दो ट्रेनी सैन्य अफसर व महिला मित्रों से मारपीट के बाद लूट हो गई। आधा दर्जन से ज्यादा बदमाशों ने एक ट्रेनी सैन्य अफसर और महिला मित्र को बंधक बनाया। दूसरे ट्रेनी अधिकारी और महिला मित्र को 10 लाख की फिरौती लाने भेजा।
गौरतलब है कि 24 साल के आफिसर महू के इन्फैक्ट्री स्कूल में यंग आफिसर्स कोर्स कर रहे थे, हमले के दौरान वो अपनी महिला दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने गए थे।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच के बाद बंधक महिला से गैंगरेप की आशंका, अपहरण और लूट का केस दर्ज किया है। बड़गोंदा पुलिस ने बीएनएस की धारा 70 (सामूहिक बलात्कार), 310-2 (डकैती), 308-2 (जबरन वसूली) और 115-2 (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और शस्त्र अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।
पुलिस ने 6 बदमाशों को ट्रेस किया है। दो संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने बदमाशों की धरपकड़ के लिए जंगल में 10 टीमें उतारी हैं।
ग्रामीण एसपी हितिका वासल ने बताया, दो ट्रेनी सैन्य अफसर महिला मित्रों संग मंगलवार रात 2 बजे छोटी जाम फायरिंग रेंज में बैठे थे। तभी 6-7 बंदूकधारी युवकों ने मारपीट व लूटपाट की। एक ट्रेनी व महिला को बंधक बना दो को रुपए लाने भेजा। डॉयल-100 पर कॉल नहीं लगा तो दोनों ने सेना के सीनियर अफसरों को बताया, तब एएसपी को सूचना मिली। टीम पहुंची, तब तक बदमाश भाग गए। युवतियां डरी हुई हैं, उनके बयान नहीं हुए हैं।