
MP Congress: अगले साल 2027 में ग्राम पंचायत के चुनाव होना हैं। इसके लिए कांग्रेस ने अभी से रणनीति तय कर आगे बढ़ने की तैयारी शुरू कर दी है। इस रणनीति के तहत एमपी कांग्रेस इंदौर जिले की 333 ग्राम पंचायतों तक जिलाध्यक्ष पहुंचा रही है। संगठन को मजबूत करने और ग्रामीणों की समस्या को कैसे उठाना है और कैसे हल करवाना है, इस पर ग्राम पंचायत अध्यक्षों और कमेटी के मेंबरों से बातचीत करने के लिए ही ये जिलाध्यक्ष ग्राम पंचायतों तक जाएंगे।
एमपी कांग्रेस अपने कमजोर संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। यही कारण है कि वह अभी से बूथ से लेकर ब्लॉक, वार्ड, मंडलम् और ग्राम पंचायत तक अपनी जमीन पक्की करने में जुट गई है। रणनीति साफ है कि वह अब हर हाल में चुनाव जीतना चाहती है।
इंदौर ग्रामीण में आने वाली राऊ, महू, देपालपुर और सांवेर में विधानसभा की 333 ग्राम पंचायतों में पिछले दिनों जहां अध्यक्ष के साथ कमेटी का गठन किया गया है, वहीं अब इन ग्राम पंचायतों का दौरा जिलाध्यक्ष विपिन वानखेड़े करेंगे।
इंदौर ग्रामीण में कांग्रेस को जमीनी स्तर पर मजबूत करने और आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर यह दौरा संभवत: अगले महीने जुलाई से शुरू होगा। जिलाध्यक्ष वानखेड़े एक-एक ग्राम पंचायत तक पहुंचकर अध्यक्ष के साथ कमेटी मेंबरों से बात करेंगे।
जिलाध्यक्ष वानखेड़े का कहना है कि ग्राम पंचायत अध्यक्षों के साथ 2525 सदस्यों की कमेटी बनाई गई है। यह कमेटी जानेगी कि, गांव और लोगों की समस्याओं को कैसे उठाना है। उनका समाधान कैसे करना है? वानखेड़े ने बताया कि संगठन की मजबूती के लिए नेताओं से समन्वय कर कैसे काम करना है? प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर जारी होने वाले कार्यक्रमों को करने के साथ पार्टी के अन्य काम कैसे करना हैं? अगले साल होने वाले ग्राम पंचायत चुनाव में किस तरह से काम करना और मजबूती के साथ खड़ा होना है। इन सभी बिंदुओं पर ग्राम पंचायत अध्यक्ष और कमेटी मेंबरों से बात की जाएगी। संगठन चलाने को लेकर आ रही समस्या को समझा जाएगा, ताकि उसका हल निकाला जा सके।