इंदौर

एमपी में भाजपा नेता पर सरिये से हमला, कार में की तोड़फोड़

MP News: चौराहे पर भाजपा नेता पर पुरानी रंजिश में हमला, आरोपियों ने मारपीट कर कार में तोड़फोड़ की।
2 min read
Mar 27, 2026
indore
bjp leader attacked car vandalized

MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर में एक भाजपा नेता पर हमला कर कार में तोड़फोड़ किए जाने का मामला सामने आया है। घटना के मानपुर थाना क्षेत्र के व्यस्त चौराहे की है, जहां भाजपा नेता अपने साथियों के साथ कार से जा रहे थे और जाम में फंसने के कारण उनकी कार रुकी थी। भाजपा नेता का आरोप है कि इसी दौरान पुरानी रंजिश में आरोपी आया और लोहे के सरिये से मारपीट कर कार में तोड़फोड़ कर फरार हो गया। भाजपा नेता ने पुलिस में मामले की शिकायत दर्ज करा दी है जिसके आधार पर पुलिस ने मामला जांच में ले लिया है और कार्रवाई कर रही है।

भाजपा मंडल अध्यक्ष पर हमला

भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मीणा निवासी ग्राम भिचोली ने बताया कि वो अपने साथियों पिंटू मीणा और पवन चौहान के साथ गुरुवार शाम को कार से जा रहे थे। इसी दौरान चौराहे पर जाम लगा हुआ था जिसके कारण वो अपनी कार को रोककर कार में साथियों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान वहां पर आरोपी राजमल पटेल आ गया। आरोपी राजमल हाथ में लोहे का सरिया लिए हुआ था और आते ही उसने गाली गलौच करते हुए लोहे के सरिये से कार पर हमला कर दिया। आरोपी ने लोहे की सरिया से कार के विंडशील्ड पर कई वार किए, जिससे कांच टूट गया। जब वो आरोपी को रोकने के लिए बाहर निकले तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की और सरिये से पीठ पर वार किया जिसके कारण उन्हें चोट आई है। हंगामा होता देख जब लोगों की भीड़ जुटने लगी तो आरोपी राजमल जान से मारने की धमकी देकर मौके से भाग गया।

पुराने विवाद को लेकर बना रहा दबाव

फरियादी भाजपा मंडल अध्यक्ष संजय मीणा के अनुसार आरोपी राजमल पुराने विवाद में समझौते का दबाव बना रहा था। उसने धमकी दी कि यदि कोर्ट में गवाही दी गई तो जान से मार देगा। आरोपी के भागने के बाद वो पुलिस थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने भाजपा मंडल अध्यक्ष की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच में ले लिया है, फिलहाल आरोपी फरार है जिसकी तलाश पुलिस कर रही है।

Updated on:
27 Mar 2026 07:14 pm
Published on:
27 Mar 2026 07:14 pm