Indore News: शख्स की आंख में घुसा कंबल कीड़ा, आंख में जलन, पानी आने, खुजली की समस्या बढ़ी तब डॉक्टर के पास पहुंचा, इंदौर के एमवायएच अस्पताल में एक्सपर्ट ने कहा आप भी रहें अलर्ट...
Indore News: सोते समय एक व्यक्ति की दाहिनी आंख में कंबल कीड़ा घुस गया। कीड़ा तो निकला, लेकिन नुकीले बाल आंख में फंस गए, जिससे तेज जलन व दर्द होने लगा। सोमवार को एमवायएच में चिकित्सकों ने स्लिट लैंप मशीन की मदद से 9 से 10 बाल निकाले।
मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शख्स की आंख में कंबल कीड़ा घुस गया, जिसके बाद उसे गंभीर मुसीबतों का सामना करना पड़ा। शख्स की आंख में पानी आने लगा, उसे आंख खोलने में भी दिक्कत हो रही थी। तेज जलन और खुजली ने उसे परेशान कर दिया था। स्थिति बिगड़ी तब वह इलाज के लिए एमवाय अस्पताल पहुंचा। जहां इलाज के बाद उसे कुछ राहत मिली।
एमवाय अस्पताल पहुंचे शख्स ने वहां जब एक्सपर्ट्स को अपनी समस्या बताई, तो डॉक्टर्स भी चौंक गए। नेत्र रोग विभाग कि विशेषज्ञ डॉ. श्वेता वालिया ने शख्स की आंख चेक की। उसकी आंख में कंबल कीड़े के कई सूक्ष्म बाल घुस गए थे, जो उसकी कॉर्निया से चिपक गए थे और उसकी आंख को नुकसान पहुंचा रहे थे।
डॉक्टर ने उसकी आंख का इलाज करने आधुनिक तकनीक सिल्ट लैंप मशीन की मदद ली। इस दौरान उसकी आंख से कंबल कीड़ा के करीब 9-10 बाल निकाले गए। डॉक्टर्स का कहना है कि यदि वह समय पर नहीं आता तो उसकी आंख में गंभीर कॉर्नियल इंफेक्शन हो सकता था। जिससे उसकी आंख को स्थायी नुकसान पहुंचता।
एक्सपर्ट्स का कहना है कि कंबल कीड़े के बाल महीन और जहरीले होते हैं। ये स्किन और आंखों के संपर्क में आते ही जलन, खुजली और सूजन जैसी परेशानियां पैदा कर सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ये ज्यादा पाए जाते हैं। लोग अक्सर इसके संपर्क में आ जाते हैं। लेकिन ज्यादार लोग इसे सामान्य परेशानी समझकर नजरअंदाज कर देते हैं।
आंखों के मामले में एक्सपर्ट्स का कहना है कि अगर आंख में अचानक जलन, पानी आना या आंख लाल होने जैसी परेशानियां हों तो इसे हल्के में न लें, तुरंत डॉक्टर्स के पास पहुंचें। उन्होंने लोगों को इस कीड़े से सावधान रहने की सलाह भी दी।