इंदौर

आग की लपटों से बुझा ‘चिराग’, पिता की आंखों के सामने कार में जिंदा जला बच्चा

mp news: साढ़े तीन साल के बच्चे को कार में बैठाकर डीजे वाहन सुधार रहा था पिता, अचानक कार में लगी आग।

2 min read
Mar 28, 2026
car fire child death in front of father simrol mhow

mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर के महू के सिमरोल थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक हृदय विदारक हादसे में साढ़े तीन साल के मासूम की जिंदा जलकर मौत हो गई। घटना इंदौर-इच्छापुर रोड स्थित साकार सिटी कॉलोनी के बाहर की है, जहां खड़ी कार में अचानक आग लग गई। बच्चा अपने पिता के साथ कार से आया था और पिता कार में बेटे को बिठाकर पास ही एक डीजे वाहन को सुधारने के लिए गए थे। इसी दौरान कार में आग लग गई और बच्चा पिता की आंखों के सामने ही जिंदा जल गया।

ये भी पढ़ें

पहले बच्ची के नाक-मुंह में ठूंसी रूई..फिर मां ने खुद लगाया फंदा, 1 लाख का बिजली बिल है बकाया

बेटे को कार में बैठाकर गाड़ी सुधारने गया था पिता

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार संजय बहेडिया निवासी रालामंडल क्षेत्र अपने साढ़े तीन साल के बेटे चिराग को लेकर कार (डीएल 8 सीएडी 3786) से इंदौर-इच्छापुर रोड पर स्थित साकार सिटी के पास एक डीजे वाहन सुधारने के लिए पहुंचे थे। संजय मैकेनिक हैं जो अपने एक दोस्त के बुलाने पर उसके डीजे वाहन को सुधारने के लिए पहुंचे थे। साकार सिटी कॉलोनी के बाहर संजय अपनी कार खड़ी कर बेटे चिराग को गाड़ी में ही बैठाकर चंद दूरी पर खड़ी डीजे की गाड़ी सुधारने चला गया। घटना के समय कार के आगे के दोनों कांच खुले होना बताया जा रहा है। वहीं चिराग कार में आगे की सीट पर बैठा था। संजय के जाने के कुछ समय बाद ही अचानक कार से आग की लपटें उठने लगीं और देखते ही देखते पूरी कार धू-धू कर जलने लगी।

कार में लगी आग में बुझा चिराग

कार में आग लगी देख हाइवे से गुजरने वाले लोगों ने शोर मचाया। जिसे सुनकर पिता संजय मौके पर पहुंचे लेकिन तब तक आग की लपटों ने कार को पूरी तरह से घेर लिया था। लोगों ने पास के ढाबे से बाल्टियों में पानी भरकर और अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन जब तक आग बुझाई गई तब तक मासूम चिराग पूरी तरह झुलस चुका था। सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस के माध्यम से बच्चे को मध्यभारत अस्पताल भिजवाया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और मासूम चिराग की मौत हो चुकी थी। बच्चे चिराग का पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

सिमरोल थाना प्रभारी कुलदीप खत्री ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेजा गया था। प्रथम दृष्टया आग की चपेट में आने से बच्चे की मौके पर ही मौत होना सामने आया है। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को बुलाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका नहीं मिला। देखते ही देखते साढ़े तीन साल का मासूम लपटों में घिर गया और उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। पुलिस और एफएसएल की टीम आग के कारणों की पड़ताल में जुटी हुई है।

ये भी पढ़ें

KBC में 50 लाख रुपये जीतने वाली महिला तहसीलदार गिरफ्तार, कोर्ट ने भेजा जेल

Published on:
28 Mar 2026 04:44 pm
Also Read
View All

अगली खबर