इंदौर

एमपी में विदेशी नागरिक पर धर्म परिवर्तन के प्रयास का आरोप

mp news: आदिवासी परिवारों से संपर्क कर प्रलोभन देने की शिकायत, हिंदू जागरण मंच ने पुलिस को सौंपा आवेदन।
2 min read
Mar 10, 2026
depalpur
foreign man accused of tribal religious conversion

mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के देपालपुर क्षेत्र में एक विदेशी नागरिक पर आदिवासी समाज के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित करने का आरोप सामने आया है। इस मामले में हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं ने एक विदेशी नागरिक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया है और थाने में शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस ने आवेदन लेकर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अमेरिका का रहने वाला है विदेशी नागरिक।

आदिवासी समाज से संपर्क का आरोप

जानकारी के अनुसार 5 मार्च को अमेरिका निवासी एडम देपालपुर क्षेत्र में आया था। उसके साथ ट्रांसलेटर सुनील नामक व्यक्ति भी मौजूद था, जो बातचीत का अनुवाद कर रहा था। आरोप है कि दोनों ने क्षेत्र में रहने वाले भील समाज के लोगों से संपर्क कर उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया और विभिन्न प्रकार के प्रलोभन देने की बात कही। स्थानीय लोगों से इसकी जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता ने संबंधित व्यक्तियों को दोबारा बुलाने की योजना बनाई। करीब चार दिन बाद अमेरिका का ही एक अन्य व्यक्ति इवन, सुनील के साथ फिर देपालपुर पहुंचा। बताया जा रहा है कि इस दौरान एक आदिवासी परिवार से मुलाकात के दौरान फिर धर्म परिवर्तन से जुड़ी चर्चा की गई और वीडियो कॉल के माध्यम से पहले आए विदेशी नागरिक से भी बातचीत कराई गई।

रिकॉर्डिंग होने का दावा

हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ताओं का कहना है कि बातचीत के दौरान हुई चर्चाओं की ध्वनि रिकॉर्डिंग भी उनके पास मौजूद है। उनका आरोप है कि बातचीत के दौरान आदिवासी समाज के लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए समझाने का प्रयास किया गया। मामले की जानकारी मिलने के बाद हिंदू जागरण मंच के कार्यकर्ता सुनील को अपने साथ पुलिस थाने ले गए। इस संबंध में विशाल पिता पूनमचंद मुनिया, निवासी अयोध्या बस्ती और जितेंद्र पिता अमरसिंह मंडलोई, निवासी वार्ड क्रमांक 8 ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर जांच की मांग की है। थाना प्रभारी रणजीतसिंह बघेल ने बताया कि संबंधित विदेशी नागरिक पर्यटक वीजा पर भारत आया था और वह आदिवासी समाज के एक गोत्र के बारे में जानकारी लेने की बात कह रहा है। पुलिस ने पूरे मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Updated on:
10 Mar 2026 10:27 pm
Published on:
10 Mar 2026 10:27 pm