इंदौर

Indore में मां के सामने बेटे ने 5वीं मंजिल से लगाई छलांग, हुई मौत

MP News: मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने 5वीं मंजिल से कूदकर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस पर प्रताड़ना के आरोप लगाए हैँ।

2 min read
Mar 06, 2026

MP News: मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर के चंदन नगर थाना क्षेत्र में पुलिस की डांट-फटकार और कार्रवाई के डर से एक युवक ने देर रात पांचवीं मंजिल से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना के बाद आक्रोशित परिजन ने पुलिसकर्मियों पर युवक से मारपीट का गंभीर आरोप लगाया है।

पुलिस के मुताबिक राज (23) पिता मनोज मकवाना निवासी ताप्ती परिसर बुधवार देर रात मल्टी के नीचे टहल रहा था। मल्टी के गार्ड ने देर रात घूमने की वजह पूछी तो उसने घर में सांस लेने में दिक्कत बताई - और बोला कि खुली हवा में सांस लेने - आया हूं। उसकी गार्ड से बहस हो गई। गार्ड ने पुलिस बुला ली। इस दौरान परिवार भी राज की तलाश में मौके पर पहुंच गया। परिवार ने पुलिस टीम को बताया कि राज मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है, उसका इलाज चल रहा है। इस पर पुलिस वहां से रवाना हो गई और परिवार उसे लेकर घर चला गया। पुलिस के जाने के कुछ देर बाद ही राज ने मल्टी से कूद कर जान दे दी।

मां के सामने लगाई छलांग

राज की मां ने बताया कि मेरी नींद लग गई और राज फिर बाहर आ गया। मैंने बाहर तलाशा तो वह पुलिस वालों के पास खड़ा था। पुलिस वाले उसे बोले, तेरे को किसी केस में अंदर कर देंगे। उसके बाद उसे चांटा मारा। बेटा उन्हें सॉरी बोलता रहा। हम उसे घर ले आए। समझाया कि घर के बाहर मत जाना, पुलिस पकड़ ले जाएगी। इतना समझाने पर उसने सोने का बोल दिया लेकिन 10 मिनट बाद वह फिर बाहर निकल गया। जब मैं उसे वापस तलाशने पहुंचीं, तब उसने मेरे सामने छलांग लगा दी।

बहन ने बताया-मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी

बहन ने बताया कि राज डर गया था। घर आकर बोलने लगा कि मुझे पुलिस पकड़ कर तो नहीं ले जाएगी। कुछ देर बाद वह पांचवीं मंजिल से कूद गया। उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। पिता मनोज मकवाना पेशे से बावर्ची हैं और मां गृहिणी हैं। दोनों बहनें पास ही काम करती हैं, जबकि भाई एक कंपनी में नौकरी करता है।

ताप्ती परिसर से गार्ड की सूचना पर एफआरवी पहुंची थी। युवक और उसके परिवार को समझाइश देकर आ गई थी। कुछ देर बाद युवक ने खुदकुशी कर ली। पुलिसकर्मी द्वारा मारपीट के आरोप पर जांच की जा रही है। - तिलक करोले, टीआइ चंदन नगर

Updated on:
06 Mar 2026 08:15 am
Published on:
06 Mar 2026 08:14 am
Also Read
View All

अगली खबर