MP News: मध्यप्रदेश के इंदौर के रहने वाले हैं आदित्य जोशी, केबीसी में पहुंचकर शहर को किया गौरवान्वित, पत्रिका के साथ की खास बातचीत....
MP News: शहर के आदित्य जोशी केबीसी के नए सीजन में अभिताभ बच्चन के सामने हॉट सीट (KBC Hot Seat) पर सवालों का सामना करके 7 लाख की धनराशि जीत कर लौटे। उन्होंने बताया कि केबीसी में जाने का मुख्य उद्देश्य सिर्फ शो में हिस्सा लेना ही नहीं बल्कि अमिताभ बच्चन से मिलना भी था।
2015 में घूमने के लिए मुंबई जाने का अवसर मिला। इस दौरान अमिताभ के बंगले के सामने से निकले, लेकिन उनके साथ फोटो क्लिक करना तो दूर उनकी एक झलक तक नहीं मिली। उसी दिन खुद से कमिटमेंट कर लिया था कि एक दिन उनके साथ हॉट सीट पर जरूर बात करूंगा।
पत्रिका से चर्चा में इंदौर के आदित्य (Aditya Joshi) ने बताया कि केबीसी (KBC) के साथ ही देश की कई राष्ट्रीय स्तर क्विज प्रतियोगिता में भी भागीदारी निभाई। इसके साथ ही राष्ट्रीय स्तर पर वाद-विवाद प्रतियोगिता में भी विनर रह चुके हैं।
Q. अमिताभ का सबसे अच्छा कमेंट क्या मिला?
A. मैं शो में अमिताभ के गेटअप में पहुंचा था। इस दौरान बातचीत में बतौर टैरो कार्ड रीडर मैंने उनकी कुंडली की जानकारी दी। मुझे कहा, मैं तुम्हें आने वाले समय में भारत के विदेश मंत्री के रूप में देख रहा हूं। इससे बड़ी सराहना कुछ नहीं हो सकती थी।
Q. केबीसी में शामिल होने के लिए कितनी बार कोशिश की?
A. इस शो के लिए मैंने जूनियर के तौर पर भी कोशिश की थी। पिछले दो वर्षों से लगातार प्रयास जारी था। मैंने हार नहीं मानी। आखिर इस वर्ष अवसर प्राप्त हो गया और किस्मत से हॉट सीट पर बैठने का अवसर भी मिला।
Q. फास्टफिंगर फर्स्ट का जवाब कितने सेकंड में दिया?
A. फास्टर फिंगर फर्स्ट में मैंने पॉलिटिकल साइंस के सवाल का जवाब सबसे पहले 5-8 सेकंड में दिया। सवाल कठिन था, लेकिन विषय मेरी रूचि का था। इसलिए जल्दी क्लिक हुआ और हॉटसीट पर जाने का अवसर मिला। कई सवाल कठिन थे।