इंदौर

MP Politics: इंदौर को प्रदेश कांग्रेस की बागडोर, ओबीसी वर्ग का युवा चेहरा पटवारी नए कप्तान

MP Politics: राहुल गांधी की पसंद पर बने जीतू, स्थानीय कांग्रेस के भी बदलेंगे समीकरण...
2 min read
Dec 17, 2023
rahul_gandhi_select_jitu_patwari_name_for_pradesh_congress_adhyaksh_madhya_pradesh_politics.jpg

MP Politics: युवा और ओबीसी वर्ग का चेहरा जीतू पटवारी अब प्रदेश कांग्रेस की कमान संभालेंगे। विधानसभा चुनाव हारने के बाद कांग्रेस ने ओबीसी वर्ग के साथ किसान और युवाओं को भी साधने कोशिश की है। उनकी नियुक्ति राहुल गांधी की पसंद से है। छात्र राजनीति से सक्रिय जीतू विधायक और मंत्री रहे हैं। उनके प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद स्थानीय कांग्रेस के समीकरण भी बदलेंगे। विधानसभा के बाद कांग्रेस के प्रदेश नेतृत्व बदलने की कयास लगाए जा रहे थे। दिल्ली में बडे नेताओं की शनिवार को हुई बैठक में जीतू के नाम पर मुहर लगी।

प्रदेश में ओबीसी वर्ग का अधिकांश सीटों पर प्रभाव है। किसान और युवा वर्ग भी प्रदेश की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते है। मालवा-निमाड़ में जीतू का प्रभाव है। जीतू राहुल गांधी समेत दिल्ली के बड़े नेताओं के करीबी है। राहुल की भारत जोड़ो यात्रा में भी प्रमुखता से सामने आए थे। विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों में शुमार रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी जीतू खासे सक्रिय है। कई कारणों के चलते जीतू पर भरोसा जताया गया है।

स्थानीय समीकरण बदलेंगे, कई नेता हो सकते हैं प्रभावित
जीतू कांग्रेस के प्रमुख नेताओं में शुमार है। राऊ से राजनीति की शुरुआत करने वाले जीतू का दखल इंदौर शहर और ग्रामीण क्षेत्र में रहा है। समय-समय पर वे शहर-जिला कांग्रेस अध्यक्ष, निकाय और विधानसभा टिकट वितरण में खासा दखल देते हुए नजर आए। ऐसे में उनके प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने से स्थानीय कांग्रेस के समीकरण प्रभावित होंगे। यहां तक कि मौजूदा कार्यवाहक अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों पर भी तलवार लटक सकती है।

इंदौर से तीसरे प्रदेश अध्यक्ष बने जीतू
इंदौर से प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने वाले जीतू पटवारी तीसरे नेता है।
- वर्ष 1957 में कन्हैयालाल खादीवाला बने थे।
- वर्ष 1998 में राधाकिशन मालवीय प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रह चुके हैं।

सीधे पहुंचे खजराना गणेश मंदिर
जब पटवारी की नियुक्ति की गई तब वे इंदौर में ही थे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने की सूचना मिलते ही सीधे खजराना गणेश मंदिर दर्शन करने पहुंचे। उनके निवास पर कार्यकर्ता और नेता बधाई देने पहुंचे। आतिशबाजी के बीच जीतू को हार-फूल से लाद दिया गया। ऐसा ही उत्साह कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन पर भी देखा गया। बड़ी संख्या में नेताओं ने कार्यालय के बाहर आतिशबाजी की।

जीतू की राजनीतिक सफर
- कार्यवाहक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष
- राष्ट्रीय सचिव
- दो बार राऊ से विधायक
- उच्च शिक्षा मंत्री रहे
- युवक कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
- जिला पंचायत सदस्य
- जिला युवक कांगे्रस अध्यक्ष

Updated on:
17 Dec 2023 10:02 am
Published on:
17 Dec 2023 10:01 am