
MP Politics: नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि सामान्य कार्यकर्ता को पार्टी ने प्रदेश की जिम्मेदारी दी है। आने वाले समय में कांग्रेस को घर-घर तक लेकर जाने के लिए सामूहिक प्रयास किए जाएंगे। लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का परफार्मेंस अच्छा रहे, इस चुनौती का अहसास है। मोदी की गारंटी भाजपा पूरी करे, इसके लिए सकारात्मक विपक्ष की भूमिका कांग्रेस निभाएगी।
पटवारी ने कहा कि मप्र के मन में कांग्रेस को लाने के भरसक प्रयास करेंगे। कांग्रेस में वरिष्ठों के आशीर्वाद के साथ युवाओं की भागीदारी बढ़े, यह समय की मांग है। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह जैसे कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के मार्गदर्शन में कांग्रेस चलेगी। गुटबाजी का अंत हो गया है। मैं का भाव समाप्त हो गया। उमंग सिंघार मेरे परिवार के सदस्य हैं, दोनों मिलकर कांग्रेस चलाएंगे।
उधर नाराज रावत ने पद छोड़ा
जीतू पटवारी को प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष बनाए जाने के बाद नाराज़ हुए रामनिवास रावत ने प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष के पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने इस्तीफे में लिखा की प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर नवनियुक्ति के बाद वे अपने पद से इस्तीफा दे रहे हैं।