
इंदौर. पाकिस्तान में सिंधी व सिख समाज पर हो रहे अत्याचारों के खिलाफ दिल्ली में सोमवार को प्रदर्शन हुआ। इसमें देशभर से सिंधी समाज के लोग पहुंचे। यहां इंदौर के सांसद शंकर लालवानी ने घोषणा की कि पाकिस्तान में खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे सिंधी समाज का इंदौर सहित पूरे देश में स्वागत है। यहां वे परिवार के साथ आ जाएं। उनके दाना-पानी की व्यवस्था की जिम्मेदारी हमारी है। सरकार तो ठीक पूरे देश का समाज उनके साथ खड़ा है।
सबसे ज्यादा उपस्थिति मध्यप्रदेश के अलावा यूपी और दिल्ली वालों की थी। पाकिस्तान में पहले सिख समाज की युवती का अपहरण और बाद में सिंधी समाज की एमबीबीएस कर रही युवती की हत्या के खिलाफ लालवानी ने रैली रखी थी। इसको लेकर चंद दिनों में तैयारी की गई, जिसके लिए यूपी, एमपी, राजस्थान, दिल्ली, हरियाणा व कई जगहों पर समाज के नेताओं को फोन लगाकर दिल्ली बुलाया।
डर था, संख्या कम न रहे
लालवानी को डर था कि कहीं ऐसा ना हो कि संख्या कम रहे। इसके चलते उन्होंने प्रदेश पर जोर दिया। इंदौर से समाज के प्रतिनिधि मंडल को ट्रेन से रवाना कराया तो कुछ फ्लाइट से गए। सिख समाज के प्रतिनिधि भी प्रदर्शन में रहे, जिसके लिए विश्वस्त सीटू छाबड़ा, बबलू चावला को लेकर पहुंचे। एक सप्ताह की मेहनत का असर दिल्ली में दिखाई दिया।
दिल्ली सरकार ने रैली को पाकिस्तान उच्चायुक्त तक जाने नहीं दिया। प्रदर्शन में दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष मनोज तिवारी सहित कई नेता शामिल हुए। यहां तक कि पाकिस्तान के बलूचिस्तान के लोग भी मौजूद थे। प्रदर्शन में कहा गया कि अत्याचार कम नहीं हुए तो समाज विश्वभर में आंदोलन करेगा।