85 वार्डों की लगेंगीं अलग-अलग टेबल, 32 राउंड में कराई जाएगी मतगणना
इंदौर। नगर निगम चुनाव की मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। योजना के हिसाब से 85 वार्डों को लेकर अलग-अलग टेबल लगाई जाएगी। 12 टेबलें अतिरिक्त भी होंगी, जिन पर उन वार्डों की गणना होगी, जिनमें बूथ ज्यादा होंगे। 32 राउंड में गणना पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। परिणाम सामने आने में कम से कम 12 घंटे लगेंगे।
17 जुलाई को नगर निगम चुनाव की मतगणना होने जा रही है। इसको लेकर जिला निर्वाचन आज एक हजार से अधिक कर्मचारियों को ट्रेनिंग देने जा रहा है। योजना के हिसाब से प्रत्येक वार्ड के लिए एक टेबल लगाई जाएगी, जिसमें पार्षद और महापौर प्रत्याशी को मिले मतों की गणना होगी। इसके अतिरित 12 टेबलें और लगाई जा रही हैं। ये जिन वार्डो में बूथ संख्या ज्यादा है, उन वार्डों के बूथों की अतिरित ईवीएम की गणना यहां की जाएगी ताकि एक साथ सभी जगहों का परिणाम आ जाए।
एक राउंड में 15-20 मिनट योजना के हिसाब से एक राउंड में करीब 15 से 20 मीनिट का समय लगेगा। शुरुआती दौर में आधा घंटा भी लग सकता है। कुल 32 राउंड में गणना पूरी करने का प्रयास किया जाएगा। उस हिसाब से ही तैयारियां की हैं। समय को लेकर जिला निर्वाचन ने गणना की तो ये खुलासा हुआ कि परिणाम घोषित करने में कम से कम 12 घंटे लगेंगे। आपत्तियां या विवाद की स्थिति बनी तो समय लग सकता है। उसके लिए टीम को तैयार रखा जाएगा। गौरतलब है कि प्रत्येक बूथ पर पार्षद के साथ में महापौर मतों की भी गणना होगी।
एक हजार कर्मचारियों
को दी गई ट्रेनिंग इंदौर नगर निगम और आठ नगर पंचायतों के चुनाव की मतगणना को लेकर जिला निर्वाचन ने आज होलकर कॉलेज में कर्मचारियों की ट्रेनिंग रखी थी। गणना में करीब एक हजार कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। नगर निगम की गणना नेहरू स्टेडियम के छह कमरों में होगी। डाक मतपत्रों की गणना दो कमरों में होगी। प्रत्येक टेबल पर एक सुपरवाइजर और दो सहायक रहेंगे।