इंदौर

1 करोड़ पर्यटकों को भाया इंदौर, विरासत से लेकर चटखारों के दीवाने हैं मेहमान

National Tourism Day: प्रदेश में इंदौर का चौथा नंबर, दो साल में पर्यटकों की संख्या हुई दोगुनी

2 min read
Jan 25, 2025
National Tourism Day 2025

National Tourism Day 2025: भूपेन्द्र सिंह. शहर की स्वच्छता का हर कोई मुरीद है। इसके साथ ही हेरिटेज, देव-दर्शन और चटखारे भी देश-विदेश के पर्यटकों को आक​र्षित कर रहे हैं। वर्ष 2024 में करीब 1 करोड़ 2 लाख से अधिक पर्यटक इंदौर आए। दो साल में यह आंकड़ा करीब दोगुना हुआ है। प्रदेश में सबसे ज्यादा पर्यटकों वाले शहर में इंदौर का चौथा नंबर है।

स्वच्छता और खान-पान के लिए पहचाने जाने वाले इंदौर में हेरिटेज के लिए भी पर्यटक आमद देने लगे हैं। महाकाल लोक, ओंकारेश्वर के डेवलपमेंट के बाद पर्यटकों की संख्या में इजाफा हुआ है। दोनों ज्योतिर्लिंग के बीच शहर होने से पर्यटक सराफा, 56 दुकान पर व्यंजनों का स्वाद चखने के साथ ऐतिहासिक इमारतों को देखने भी बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। देशी-विदेशी पर्यटकों में राजबाड़ा, लालबाग, गांधी हॉल और होलकर कालीन छतरियों का आकर्षण है।

उज्जैन रहा अव्वल

वर्ष 2024 में सबसे ज्यादा 7 करोड़ 32 लाख पर्यटक उज्जैन में महाकाल दर्शन के लिए आए। मैहर दूसरे और चित्रकूट तीसरे स्थान पर रहा। पुरातत्व विभाग के अनुसार, राजबाड़ा को देखने पहले करीब 200 पर्यटक इंदौर आते थे, लेकिन अब प्रतिदिन का यह आंकड़ा 1500 तक पहुंच गया है। शाम को लेजर-लाइट शो में 200 से 300 पर्यटक शामिल होते हैं। लाल बाग में भी जहां पहले 100-150 लोग पहुंचते थे, अब इनकी संख्या 1 से 2 हजार तक हो जाती है। संग्रहालय देखने आने वालों की संख्या 100 से 200 तक है। चिडि़याघर जैसी जगह भी लोग पहुंचते हैं।

विदेशी पर्यटक भी बढ़े

राजबाड़ा, गांधी हॉल, छतरियां, गोपाल मंदिर, बांके बिहारी मंदिर का स्वरूप बदल गया है। एक्सपर्ट के मुताबिक, जो लोग इंदौर या आसपास आते हैं तो वे इंदौर की विरासत देखने जरूर पहुंचते हैं। हर साल 250 से 300 विदेशी पर्यटक पहुंच रहे हैं। विदेशी मेहमानों का टिकट अलग श्रेणी का होता है। अक्टूबर से मार्च के बीच विदेशी पर्यटकों की आवाजाही ज्यादा होती है।

इंदौर के लिए अच्छी कनेक्टिविटी

इंदौर आने लिए फ्लाइट, रेलवे और बस से दिल्ली, मुंबई, चेन्नई, हैदराबाद और बेंगलूरु समेत देश के प्रमुख शहरों की कनेक्टिविटी अच्छी है। लोग प्रमुख मंदिरों में भगवान के दर्शन करने भी बड़ी संख्या में आ रहे हैं। खजराना गणेश मंदिर, रणजीत हनुमान, बिजासन मंदिर, अन्नपूर्णा, पितृ पर्वत जैसे मंदिर इनमें प्रमुख हैं।

पर्यटकों की संख्या

वर्ष 2022 - 52,88,123

वर्ष 2023 - 1,01,19,030

वर्ष 2024 - 1,02,42,486

वर्ष 2024 में आए पर्यटक

जनवरी - 3,89,539

फरवरी - 3,46,377

मार्च - 5,43,079

अप्रेल - 4,53,098

मई - 4,20,988

जून - 7,34,500

जुलाई - 9,34,700

अगस्त - 9,76,890

सितंबर - 10,67,400

अक्टूबर - 12,41,701

नवंबर - 1,47,934

दिसंबर - 16,54,780

    Published on:
    25 Jan 2025 09:58 am
    Also Read
    View All

    अगली खबर