इंदौर

Indore News : अब बाल कांग्रेस को करेंगे मजबूत

इंदौर के प्रभारी महेंद्र जोशी को प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने सौंपी जिम्मेदारी

2 min read
Aug 28, 2022
Indore News : अब बाल कांग्रेस को करेंगे मजबूत

इंदौर. आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने को लेकर राष्ट्रीय सचिव महेंद्र जोशी को इंदौर जिले का प्रभारी बनाया गया है। अब इन्हें बाल कांग्रेस को मजूबत करने की जिम्मेदारी प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ ने सौंपी है, क्योंकि जोशी एक कुशल संगठक हैं।

कांग्रेस के अनुशांगिक संगठन सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे महेंद्र जोशी को इंदौर शहर और ग्रामीण का प्रभारी बनाया गया है, जो कि हमेशा अनुशासन को पहली प्राथमिकता देते हैं। पिछले दिनों जब वे पार्टी कार्यालय गांधी भवन में इंदौर शहर और ग्रामीण कांग्रेस नेताओं की बैठक लेने आए थे, तब उन्होंने सभी को अनुशासन का पाठ पढ़ाने के साथ किसी भी प्रकार से अनुशासनहीनता करने पर सख्ती से कार्रवाई करने की बात भी कही थी। तकरीबन 11 वर्ष तक सेवादल के अध्यक्ष रहे जोशी ने अपने कार्यकाल में संगठन को अनुशासन से चलाया था।

यह देखते हुए ही प्रदेशाध्यक्ष नाथ ने उन्हें वर्ष 2023 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कांग्रेस संगठन को मजबूत करने के लिए इंदौर जिले का प्रभारी बनाया है। एक कुशल संगठक होने के चलते जोशी को अब बाल कांग्रेस को मजबूत करने की भी जिम्मेदारी प्रदेशाध्यक्ष नाथ ने सौंपी है, क्योंकि जोशी बखूबी जानते कि संगठन को मजबूत कैसे करना है। इसीलिए जोशी को बाल कांग्रेस का प्रभारी बनाकर पूरे प्रदेश में इस संगठन को मजबूत करने का कहा गया है। इसके चलते अब जोशी जल्द ही बाल कांग्रेस संगठन का गठन करने को लेकर बैठक करेंगे।

तीसरी बार बदला प्रभारी

प्रदेश में बाल कांग्रेस का गठन करने की वजह 16 वर्ष के बाद के बच्चों को जोडऩा है। साथ ही कांग्रेस के प्रति उनकी मानसिकता को बनाना है। प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ यह ड्रीम प्रोजेक्ट है, क्योंकि उन्होंने वर्षों बाद बाल कांग्रेस का गठन कर इंदौर के लक्ष्य गुप्ता को प्रदेश अध्यक्ष बनाया। बाल कांग्रेस को चलाने को लेकर प्रदेश प्रभारी बनाकर जिम्मेदारी विधायक बाला बच्चन को दी गई, लेकिन इन्होंने ज्यादा ध्यान नहीं दिया। इस पर बच्चन को हटाकर विधायक एनपी प्रजापति को बाल कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया। इन्होंने भी संगठन संचालन को लेकर कोई खास कमाल नहीं किया। यह देखते हुए प्रदेशाध्यक्ष नाथ ने प्रजापति को हटाकर अब सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रहे महेंद्र जोशी को बाल कांग्रेस संगठन को मजबूत करने की जिम्मेदारी सौंपी है, क्योंकि बाल कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष गुप्ता की न तो प्रदेश में कोई खास गतिविधि है और न ही इंदौर शहर में है। कांग्रेसियों की मानें तो उन्होंने अभी तक प्रदेश में कई जगह नियुक्तियां भी नहीं की हैं, जबकि उन्हें अध्यक्ष बने वर्षभर से ज्यादा होने को आया है।

Published on:
28 Aug 2022 10:47 am
Also Read
View All