
चिंतन विजयवर्गीय @ इंदौर. 70 वर्षीय बुजुर्ग मां को बेटे-बहू ने दो साल पहले घर से निकाल दिया। वृद्धाश्रम, मंदिर व दरबदर की ठोकरें खाने के बाद वृद्धा ने पुलिस अफसरों को आपबीती सुनाई। उनकी व्यथा सुनकर पुलिसकर्मी भी भावुक हो गए। उन्हें काउंसलिंग कर पुलिस ने वापस घर पहुंचाया। अब बेटे-बहू उनका ध्यान रखेंगे।
एएसपी डॉ. प्रशांत चौबे ने बताया कि एमआइजी क्षेत्र निवासी वृद्धा ने एसएसपी को शिकायत की कि वे बेटे-बहू के साथ रहती थीं। दो साल पहले उन्होंने घर से निकाल दिया। कुछ दिन वे इधर-उधर घूमती रहीं। आसपास के लोगों ने खाना दिया। बाद में कुछ समय मंदिर व अन्य जगह रहीं। लावारिस घूमते देख वृद्धाश्रम भेजा। बेटियों ने भी जानकारी मिलने पर देखरेख शुरू की और भाई-भाभी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वे उलटा उन्हें केस में फंसा देने की धमकी देने लगे।
वृद्धा के अनुसार, बेटे-बहू मकान पर कब्जा करना चाह रहे थे। उन्हें चाकू दिखाकर धमकाया जाता था। शिकायत के चलते मामला सीनियर सिटीजन पुलिस पंचायत में आया। बुधवार को यहां बेटे-बहू को बुलाकर डॉ. आरडी यादव, पुरुषोत्तम यादव, स्निग्धा दवे, सुनीता शर्मा, अश्विन जैन, संतोष यादव ने काउंसलिंग की। तब उन्हें गलती का अहसास हुआ और मां को वापस घर में रखने के साथ उनकी देखरेख के लिए तैयार हो गए।
गंदगी में रहने को मजबूर
विजय नगर क्षेत्र के बुजुर्ग दंपती ने दो बेटों व बहुओं की शिकायत की। पिता वर्ष 2018 में एक्सीडेंट से बिस्तर पर आ गए। इसके बाद से बेटों ने माता-पिता का ध्यान रखना बंद कर दिया। घर के छोटे से कमरे में रख दिया। इसमें एक सेप्टिक टैंक भी है, जो आए दिन ओवरफ्लो होने से कमरे में गंदगी जमा हो जाती। बेटे ऊपरी मंजिल पर नए कमरों में रह रहे थे। काउंसलिंग के बाद वे सेप्टिक टैंक की सफाई करवाने के साथ माता-पिता का ध्यान रखने के लिए तैयार हुए।