
इंदौर। शहर के पूर्वी क्षेत्र की बहुमंजिला इमारत में कोरोना ने 15 दिन में तीसरी बार दस्तक दी। रहवासियों में दहशत का माहौल है। उन्हें डर सता रहा है कि कहीं ये महामारी उन्हें भी चपेट में न ले ले।
शहर में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा लगातार बढ़ता जा रहा है। कुछ कॉलोनी और बिल्डिंग में तो रह-रह कर मरीज सामने आ रहे हैं। ऐसे ही हाल वंदना नगर के वसुंधरा अपार्टमेंट के हैं। यहां १५० परिवार रहते हैं, इनमें कल फिर एक बुजुर्ग की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वे पूरी तरह से खुद को स्वस्थ बता रहे थे।
भरा-पूरा परिवार होने की वजह से अब बाकी सदस्य व अन्य फ्लैट वालों की जांच की जाएगी। यहां पर मरीज मिलने का सिलसिला ६ मई से शुरू हुआ था। एक परिवार में दो लोग संक्रमित पाए गए थे। कारणों में ये सामने आया था कि घर में एक महिला को डिलिवरी हुई थी। उस दौरान अस्पताल आना-जाना हुआ था, जिसकी वजह से संक्रमण घर तक पहुंच गया।
बाद में १० मई को एक और शख्स की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली। इस पर स्वास्थ्य विभाग ने कैंप लगाकर सभी की जांच करने का फैसला लिया। लोगों की जांच की गई, लेकिन सभी की रिपोर्ट नेगेटिव आई। रहवासियों ने राहत की सांस ली, लेकिन अब फिर से मरीज सामने आने से दहशत का माहौल है।
जाते थे सब्जी लेने
कल जो बुजुर्ग कोरोना पॉजिटिव आए हैं, उन्होंने निजी लैब से जांच कराई थी। रिपोर्ट आने की जानकारी सरकारी महकमे को लगी, तब उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि उनका कहना था कि वे पूरी तरह से स्वस्थ हैं। चर्चा है कि वे थोड़े-थोड़े दिनों में सब्जी लेने बिल्डिंग से बाहर जाते थे। वहीं से संक्रमण उनके साथ हो गया। इधर, परिजनों का कहना है कि वे घर में ही रहते थे।