
इंदौर. शहर के पश्चिम क्षेत्र स्थित व्यासफला वार्ड 62 में जिम्मेदारों की लापरवाही रहवासियों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। धार्मिक स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर कचरे के ढेर लगे हैं। रहवासियों ने बताया कि क्षेत्र के प्राचीन शनि मंदिर की ओर जाने वाले मार्ग पर बिजली की डीपी के पास लंबे समय से कचरा जमा हो रहा है। स्थिति इतनी खराब है कि कचरे के ढेर के बीच एक मृत कुत्ते का शव भी पड़ा हुआ है। इससे आसपास के क्षेत्र में तेज दुर्गंध फैल रही है। बदबू के कारण यहां से गुजरने वाले लोगों और आसपास रहने वाले परिवारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कचरे के कारण मच्छर भी पनप रहे हैं। सबसे गंभीर बात यह है कि मंदिर जैसे धार्मिक स्थल की ओर जाने वाले रास्ते पर इस तरह की गंदगी और मृत पशु का शव पड़ा होना सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को भी इसी गंदगी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। धार्मिक स्थल के मार्ग पर नियमित सफाई होनी चाहिए, लेकिन जिम्मेदारों की अनदेखी के कारण स्थिति जस की तस बनी हुई है।
राहगीर रवि साल्वे ने बताया कि व्यासफला क्षेत्र के खाली प्लॉट भी कचरा घर में तब्दील होते जा रहे हैं। आसपास के लोग खाली प्लॉटों में खुलेआम कचरा डाल रहे हैं। धीरे-धीरे यहां कचरे के ढेर जमा हो गए हैं। कई जगह लंबे समय से सफाई नहीं होने के कारण गंदगी फैल रही है। इससे उठने वाली बदबू आसपास के घरों तक पहुंच रही है। गर्मी और नमी के कारण कचरे में मच्छर और अन्य कीट पनपने का खतरा भी बना हुआ है। नियमित कचरा संग्रहण और खाली प्लॉटों की सफाई नहीं होने से लोग परेशान हैं। कई बार आसपास से गुजरने वाले लोगों को भी नाक बंद करके निकलना पड़ता है।
वाहन चालक नवीन ढीवार ने बताया कि क्षेत्र की मुख्य सडक़ पर करीब दो साल पहले नर्मदा पाइपलाइन डालने के लिए खुदाई की गई थी। उस समय नर्मदा और ड्रेनेज पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के कारण दोनों लाइनों का पानी आपस में मिलने की समस्या सामने आई थी। घरों तक दूषित पानी पहुंचने की शिकायतों के बाद नई नर्मदा पाइपलाइन बिछाई गई, लेकिन काम पूरा होने के बाद सडक़ को पहले जैसी स्थिति में लाने की जिम्मेदारी नहीं निभाई गई। कई स्थानों पर केवल गिट्टी और निर्माण सामग्री डालकर औपचारिकता पूरी कर दी गई। अब सडक़ पर जगह-जगह गड्ढे और ऊबड़-खाबड़ हिस्से बन गए हैं। दिनभर वाहनों की आवाजाही से धूल उड़ती रहती है, जो आसपास के घरों तक पहुंच रही है। दोपहिया वाहन चालकों को बिखरी गिट्टी और गड्ढे के कारण फिसलने का डर बना रहता है।
राहगीर लव वर्मा ने बताया कि क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग और सडक़ तक फैले अतिक्रमण के कारण भी आवागमन प्रभावित हो रहा है। सडक़ पर वाहन खड़े होने और रास्ते के हिस्से में अतिक्रमण होने से मार्ग संकरा हो जाता है। ऐसे में आमने-सामने से आने वाले वाहनों को निकलने में परेशानी होती है। पैदल राहगीरों को भी सुरक्षित रास्ता नहीं मिल पाता। पहले से ही गड्ढे और बिखरी गिट्टी से परेशान वाहन चालकों के लिए यह स्थिति और मुश्किल पैदा कर रही है।
. प्राचीन शनि मंदिर के मार्ग पर बिजली की डीपी के पास कचरे के ढेर और मृत कुत्ते का शव पड़ा होने के बावजूद सफाई क्यों नहीं कराई गई?
. खाली प्लॉटों में लगातार कचरा जमा होने और खुले में कचरा डालने वालों पर कार्रवाई कब होगी?
. नर्मदा पाइपलाइन का काम पूरा होने के दो साल बाद भी मुख्य सडक़ का स्थायी सुधार क्यों नहीं कराया गया?
. मुख्य मार्ग पर बेतरतीब पार्किंग और अतिक्रमण हटाकर सुगम आवागमन सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार विभाग कब कार्रवाई करेगा?