MP News: सूचना के बाद पुलिस ने संदिग्धों के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया, जिससे पता चला कि वे फ्लाइट से इंदौर पहुंचे हैं....
MP News: ऐतिहासिक रंगपंचमी की गेर इस बार अंतरराज्यीय और विदेशी बदमाशों के निशाने पर थी। पुलिस की सतर्कता के चलते वारदात होने से पहले ही बड़ी साजिश नाकाम हो गई। छोटी ग्वालटोली क्षेत्र के एक होटल से पुलिस ने नेपाल और बिहार से जुड़े 20 संदिग्धों को पकड़कर जेल भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों के निशाने पर रंगपंचमी की गेर में शामिल लोगों की लाखों रुपए की सोने की चेन लूटना था। पूछताछ में संदिग्ध सही जवाब नहीं दे पाए।
जांच में पता चला कि वे दिल्ली से फ्लाइट के जरिए इंदौर पहुंचे थे। जानकारी यह भी सामने आई है कि नैनीताल में आयोजित नंदा देवी फेस्टिवल में इसी गैंग ने करीब एक दर्जन लोगों की सोने की चेन चोरी की थी। जोन-3 डीसीपी राजेश व्यास ने बताया, मुखबिर से सूचना मिली थी कि छोटी ग्वालटोली क्षेत्र के एक होटल में कुछ संदिग्ध लोग ठहरे हैं।
सूचना के बाद पुलिस ने संदिग्धों के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लिया, जिससे पता चला कि वे फ्लाइट से इंदौर पहुंचे हैं। इसके बाद पलासिया थाना, छोटी ग्वालटोली थाना और क्राइम ब्रांच की टीम ने होटल में सर्चिंग की और 20 संदिग्धों को पकड़ लिया। पूछताछ में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर सभी के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें जेल भेज दिया गया।
छोटी ग्वालटोली टीआइ संजू कामले ने बताया, आरोपियों में नेपाल और बिहार के लोग शामिल हैं। सभी दिल्ली के रास्ते फ्लाइट से इंदौर पहुंचे थे और होटल गौरव व नीलम में ठहरे थे। उन्होंने गेर देखने आने की बात कही। पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी के लिए बिहार और नेपाल पुलिस को ईमेल भेजा है। पुलिस के अनुसार पिछली बार रंगपंचमी की गेर के दौरान करीब 60 सोने की चेन चोरी हुई थीं और इस संबंध में एफआइआर भी दर्ज की गई थी। पुलिस का कहना है कि यदि होटल और लॉज की नियमित जांच नहीं होती, तो इस बार भी गेर के दौरान बड़ी वारदात हो सकती थी।
राजेश्वर (49) राठौर निवासी पटेर्वा सुगोली (नेपाल), मुकेश कुमार राय (31) निवासी जितपुरा (नेपाल), प्रमेश राय (38) निवासी पमरिया (नेपाल), दिलीप राय (40) निवासी बारा (नेपाल), प्रभुराय (35) निवासी परसा (नेपाल), भोला कुमार (26) निवासी चंपारण (बिहार), सुजित कुमार (32) निवासी बेतिया (बिहार), मनीष (27) निवासी मोतिहारी (भिलाई), पूरन कुमार 32 निवासी बेतिया (बिहार), अजय (24) निवासी भिलाई (चंपारण), गुड्डू कुमार (34) निवासी चंपारण (बिहार), सुरेश (51) निवासी चंपारण (बिहार), दिलीप कुमार (38) निवासी मोटीहारी (भिलाई), वीरेंद्र राय (49) निवासी चंपारण (बिहार), रंजीत कुमार (47) निवासी चंपारण (बिहार), मोहन राय (40) निवासी चंपारण (बिहार), लक्ष्मण राऊत निवासी चंपारण (बिहार), सुरेश (32) करन कुमार (22), चंदन (19) निवासी चंपारण (बिहार)।