प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ को अपशब्द कहने पर हुआ विवाद
इंदौर। गांधी हॉल में रखे गए एक कार्यक्रम के दौरान भाजपा-कांग्रेस की नेत्रियां आपस में भिड़ गईं। मौके पर मौजूद नेता अगर हस्तक्षेप नहीं करते तो नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ को अपशब्द कहने के चलते विवाद हुआ, जिसे जैस-तैसे शांत किया गया।
विधानसभा चुनाव के मद्देनजर गांधी हॉल में एक निजी चैनल ने कार्यक्रम रखा था। इसमें भाजपा-कांग्रेस दोनों पार्टी के नेता और नेत्रियां शामिल हुईं। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान भाजपा नेत्री श्रेष्ठा जोशी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के खिलाफ कुछ ऐसा बोल दिया जिस पर बात बढ़ गई। इसका विरोध कांग्रेस नेत्री मनीषा शिरढोणकर ने किया। साथ ही खरी-खोटी सुनाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते भाजपा-कांग्रेस नेत्रियों में चल रही बहस विवाद में बदल गई और दोनों आपस में भिड़ गईं। मौके पर मौजूद भाजपा-कांग्रेस नेताओं ने दोनों नेत्रियों को संभाला और बीच-बचाव कर अलग-अलग किया वरना नौबत हाथापाई तक पहुंच गई थी।
प्रियंका की सभा के लिए 200 गाडिय़ों का टारगेट
कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 5 अक्टूबर को धार जिले के राजगढ़ में चुनावी सभा लेने आएंगी। सभा में इंदौर शहर और गांव से अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के साथ 200 से ज्यादा गाडिय़ां ले जाने का टारगेट शहर व जिला अध्यक्ष को दिया गया है। भीड़ जुटाने और गाडिय़ों का टारगेट पूरा करने को लेकर आज शाम को गांधी भवन में एक बैठक भी बुलाई गई है।
कांग्रेस मालवा.निमाड़ में चुनावी शंखनाद राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी की सभा से करने जा रही है। धार, खरगोन, खंडवाए बुरहानपुर, बड़वानी, आलीराजपुर, झाबुआ और रतलाम जिले के अंतर्गत 22 विधानसभा सीटें आदिवासी हैं। मालवा-निमाड़ की इन 22 आदिवासी विधानसभा सीटों पर अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए ही कांग्रेस ने धार जिले के राजगढ़ में क्रांतिकारी टंट्या मामा की प्रतिमा अनावरण करने के साथ प्रियंका गांधी की सभा रखी है। इसमें इंदौर शहर और ग्रामीण क्षेत्र से अधिक से अधिक भीड़ पहुंचे इसके लिए जिम्मेदारी शहर कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत सिंह चड्ढा, कार्यवाहक अध्यक्ष गोलू अग्निहोत्री और जिला अध्यक्ष सदाशिव यादव को दी गई है। इंदौर शहर से 100 और ग्रामीण क्षेत्र से 100 इस तरह कुल 200 गाडिय़ां ले जाने का टारगेट इन अध्यक्षों को राज्यसभा सदस्य दिग्विजय सिंह ने दिया है। इंदौर से 200 गाड़ी और एक हजार से ज्यादा लोगों की भीड़ ले जाने के मिले टारगेट को पूरा करने में शहर अध्यक्ष चड्ढा और जिलाध्यक्ष यादव जुट गए हैं।