mp news: पटाखे फोड़ने को लेकर हुए विवाद में शिलोम जेम्स व उसके साथी ने पड़ोसियों को पीटा, राजा रघुवंशी हत्याकांड में जमानत पर है आरोपी शिलोम जेम्स।
mp news: मध्यप्रदेश के इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड के आरोपी शिलोम जेम्स के खिलाफ उसके पड़ोसियों ने मारपीट की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। शिलोम जेम्स व उसके एक साथी के खिलाफ शहर के लसूड़िया थाने में मारपीट का मामला दर्ज किया गया है। शिलोम जेम्स राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी है उस पर आरोपी सोनम रघुवंशी को पनाह देने व सबूत मिटाने के आरोप हैं। राजा रघुवंशी हत्याकांड में शिलोम जेम्स को शिलांग पुलिस ने गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया था, फिलहाल वो जमानत पर जेल से बाहर है।
शहर के लसूड़िया थाना क्षेत्र के महालक्ष्मी नगर में रहने वाले सचिन वर्मा नाम के युवक ने पुलिस में मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में फरियादी ने बताया है कि वो 8 मार्च की रात इंडिया के टी-20 वर्ल्ड कप जीतने की खुशी में अपने घर के बाहर परिवार के साथ पटाखे फोड़ रहा था। इसी दौरान शिलोम जेम्स अपने दोस्त विकास सोनी के साथ वहां आया और आसपास खड़ी कारों को लेकर आपत्ति जताई। शिलोम ने अपशब्द कहे तो फरियादी के भाई सुमित ने अपशब्द कहने से मना किया जिस पर शिलोम जेम्स व विकास सोनी ने उसके व उसके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
फरियादी सचिन ने अपनी शिकायत में ये भी बताया है कि जब आसपड़ोस के लोगों ने बीच-बचाव किया तो आरोपी शिलोम जेम्स ने उसे धमकी दी कि अगर दोबारा ऐसा कुछ किया तो जान से मार देगा। लसूड़िया टीआई तारेश सोनी ने बताया कि इस मामले में सभी के मेडिकल परीक्षण कराए गए। सचिन और सुमित उनसे मिले तो पूरे घटना की जानकारी दी और बताया कि शिलोम उन्हें राजा हत्याकांड का हवाला देकर धमका रहा था। इसके बाद उस पर कारवाई की गई।
शिलोम जेम्स राजा रघुवंशी हत्याकांड में आरोपी है। शिलोम जेम्स पर आरोप है कि उसने राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी, उसके दोस्त राज, आकाश व उनके साथियों को वारदात के बाद पनाह दी थी। शिलोम ने ही आरोपियों को किराए पर फ्लैट दिया था। इसके साथ ही ये भी आरोप है कि शिलोम ने पैसों से भरा बैग गायब किया था और पिस्टल को नाले में फेंका था। शिलोम को शिलांग पुलिस ने इंदौर से गिरफ्तार किया था। फिलहाल वो कोर्ट से जमानत मिलने के बाद जेल से बाहर है।