Raja Raghuvanshi Murder Case : राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी की जमानत के आदेश को मेघालय हाईकोर्ट में चुनौती देने की तैयारी, रद्द हो सकती है सोनम की जमानत।
Raja Raghuvanshi Murder Case : मध्यप्रदेश के इंदौर के रहने वाले कारोबारी राजा रघुवंशी की मेघालय के शिलांग में हनीमून पर हुई हत्या का मामला बीते दिनों मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट से जमानत मिलने के बाद एक बार फिर सुर्खियों में है। अब इस मामले में एक और नया अपडेट सामने आ रहा है। दरअसल शिलांग पुलिस सोनम रघुवंशी की जमानत को रद्द करने के लिए हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने की तैयारी में है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक पुलिस का मानना है कि सोनम रघुवंशी राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपी है। उसकी जमानत के बाद केस के गवाहों को प्रभावित किया जा सकता है। क्योंकि शिलांग कोर्ट ने अपने अधिकारों का उपयोग करते हुए सोनम को जमानत दी है इसलिए पुलिस अब इन्हीं बिंदुओं को आधार बनाकर मेघालय हाईकोर्ट में सोनम रघुवंशी की जमानत के आदेश को चुनौती देगी। इसके लिए पुलिस ने तैयारी भी शुरु कर दी है।
इसी बीच राजा रघुवंशी के एक और आरोपी और सोनम रघुवंशी के कथित प्रेमी राज कुशवाह की जमानत याचिका को कोर्ट ने खारिज कर दिया है। कोर्ट में राज के बचाव में दलील दी गई थी कि अंडर ट्रायल मामलों में आरोपितों को लंबे समय तक जेल में रखना उनके अधिकारों का उल्लंघन है। जिस पर कोर्ट ने अपराध की गंभीरता और मामले के तथ्यों को देखते हुए राज कुशवाह की जमानत याचिका खारिज कर दी है।
यहां ये भी बता दें कि राजा रघुवंशी हत्याकांड की आरोपी सोनम रघुवंशी को कोर्ट ने कुछ शर्तों के साथ जमानत दी है। शर्तों के मुताबिक सोनम जमानत मिलने के बाद शिलांग जिले की सीमा में ही रहेगी और उसे समय-समय पर कोर्ट में पेश होना होगा। साप्ताहिक रूप से थाने में हाजिरी लगानी होगी।
इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की 11 मई को सोनम से शादी हुई थी। 20 मई को वे हनीमून के लिए मेघालय रवाना हुए। राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी 23 मई को मेघालय के पूर्वी खासी हिल्स जिले के सोहरा (चेरापूंजी) में नोंग्रियाट गांव में एक होमस्टे से चेक आउट करने के कुछ घंटों बाद लापता हो गए थे। 24 मई को राजा-सोनम से परिवार का संपर्क टूट गया। 27 मई से दोनों की सर्चिंग शुरू हुई और सर्चिंग के दौरान 2 जून को खाई में राजा का शव मिला। 3 जून को राजा की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में पता चला कि पेड़ काटने वाले हथियार से उनकी हत्या की गई थी। सोनम लापता थी जिसके कारण उसकी सर्चिंग जारी रही लेकिन 9 जून को सोनम रघुवंशी यूपी के गाजीपुर स्थित एक ढाबे पर पुलिस को मिली। शिलांग पुलिस ने सोनम को गिरफ्तार कर पूछताछ की जिसमें सोनम ने अपने प्रेमी राज कुशवाह और अन्य लोगों के साथ मिलकर राजा की हत्या का खुलासा किया था। पुलिस ने सोनम सहित 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।