
Indore News : भाई - बहन के अटूट प्रेम के पावन पर्व रक्षाबंधन को लेकर मध्य प्रदेश के आर्थिक नगर इंदौर में अटल इंदौर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विसेज लिमिटेड (एआईसीटीसीएल) की ओर से बड़ी सौगात दी गई है। रक्षाबंधन पर अपने भाइयों को राखी बांधने जाने वाली बहनों को आज से दोन बसों में यात्रा करने के लिए किराया देने की जरूरत नहीं है। वो फ्री में शहर से यात्रा कर सकती हैं।
बता दें कि, इंदौर की इंटरसिटी चार्टर्ड बसों में महिलाओं का सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा। यह सुविधा 27 अगस्त यानी आज सुबह 6 बजे से शुरू होगी और 29 अगस्त सुबह 6 बजे तक जारी रहेगी। यानी लगातार 48 घंटे तक महिलाओं को मुफ्त यात्रा का लाभ मिल सकेगा।
एआईसीटीसीएल की ओर से की गई इस व्यवस्था के अनुसार, आज से इंदौर से आने या जाने वाली महिलाओं को इंटरसिटी की चार्टर्ड बसों में यात्रा करने पर किसी तरह का किराया नहीं देना होगा। हालांकि, ये व्यवस्था एआईसीटीसीएल की इंटरसिटी चार्टर्ड बसों के लिए ही लागू है। व्यवस्था का उद्देश्य उन बहनों को आर्थिक राहत देना है, जो रक्षाबंधन पर अपने भाईयों को राखी बांधने शहर आ या जा रही हैं। वहीं, प्रशासन की ओर से शहर की महिलाओं से अपील की गई है कि, वे इस सुविधा का पूरा लाभ उठाएं।
इन चार्टर्ड बसों से महिलाएं इंदौर से भोपाल, सागर, उज्जैन, खरगोन, धार, झाबुआ, रतलाम, नीमच, मंदसौर, शाजापुर, गुना, अशोकनगर और ब्यावरा समेत प्रमुख इंटरसिटी मार्गों पर यात्रा कर सकती हैं। इसी के साथ साथ इन प्रमुख शहरों के बीच में पड़ने वाले इलाकों में भी महिलाएं दो दिन मुफ्त यात्रा कर सकती हैं।
आपको बता दें कि, आमतौर पर शहर से संतालित इन चर्टर्ड बसों से रोजाना करीब पांच से छह हजार यात्री यात्रा करते हैं। रक्षाबंधन के 48 घंटे में हजारों महिलाओं को बिना किराया चुकाए अपने भाई - बहनों तक पहुंचने का मौका मिलेगा। इस पहल से खास तौर पर उन महिलाओं को राहत मिलेगी, जिन्हें त्योहार के दौरान बढ़ती भीड़ और अतिरिक्त यात्रा खर्च के बीच अपने मायके जाना होता है।