इंदौर चिडि़याघर में देश में संभवत: पहली बार ब्लैक और व्हाइट टाइगर के जोड़े ने तीन शावकों को दिया था जन्म सफेद बाघ रागिनी और काले बाघ विक्की के तीनों शावकों के रंग भी थे सबसे अलग, दो की हो चुकी है मौत
इंदौर के कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय में सोमवार को सफाई के दौरान व्हाइट टाइगर रागिनी का दुर्लभ नन्हा शावक दिखाई देने से वहां के कर्मचारियों में खुशी की लहर दौड़ गई। दरअसल, ये शावक पिछले एक महीने से दिखाई नहीं दे रहा था, इस वजह से चिडि़याघर के अधिकारियों और कर्मचारियों को इसके स्वास्थ्य की चिंता सता रही थी। 24 जुलाई को व्हाइट टाइगर रागिनी और ब्लैक टाइगर विक्की के तीन रंग -बिरंगे शावकों का जन्म हुआ था। पूरे देश में संभवत: यह पहली घटना थी जब ब्लैक और व्हाइट टाइगर के संसर्ग से किसी शावक ने जन्म लिया था। दावा किया गया था कि इन रंगों के शावक पूरी दुनिया में कहीं नहीं हैं। हालांकि इनके जन्म की खुशी ज्यादा दिन नहीं रह सकी और एक के बाद एक दो शावकों ने दम तोड़ दिया। दो शावकों की मौत के बाद अचानक तीसरा शावक भी कहीं दिखाई नहीं दे रहा था।
तीनों शावकों के रंग भी अलग
इन तीनों शावकों के रंग भी सबसे अलग थे। पहले शावक का ऊपरी हिस्सा ब्लैक था, जबकि पेट के नीचे का हिस्सा पूरी तरह से व्हाइट। दूसरे शावक के गले का हिस्सा पीला और पेट के आसपास का हिस्सा ब्लैक था। वहीं तीसरे शावक का आगे का कुछ हिस्सा व्हाइट है, जबकि बाकी गहरा काला था। चिडिय़ाघर प्रशासन के मुताबिक इन रंगों के शावक पूरी दुनिया में कहीं नहीं हैं।
बूढ़ी बाघिन बोलकर दिया था इंदौर को
बाघिन रागिनी की उम्र लगभग 11 साल है। बाघों की औसत उम्र 14 से 16 साल मानी जाती है। उसे और ब्लैक टाइगर विक्की को 23 अप्रैल 2021 को ओडिशा के नंदन कानन जियोलॉजिकल पार्क से लाया गया था। इंदौर जू की टीम जब वहां गई थी, तब वहां का स्टॉफ इसे देने के लिए तुरंत तैयार हो गया। उन्हें बताया गया था कि इसकी उम्र 9 साल से ज्यादा है और पहले वह कभी मां नहीं बनी थी। ऐसे में उसके गर्भधारण करने के अवसर भी कम थे। इसलिए उसे इंदौर को दे दिया गया। इन शावकों का पिता ब्लैक टाइगर विक्की, बाघिन से आधी उम्र का है। उसकी उम्र लगभग 5 साल की है। इन दोनों को इंदौर लाने के बाद एक ही पिंजरे में सालभर पहले रखा गया था। तब से ये दोनों साथ ही रह रहे हैं।