
Indore Road Accident: मध्यप्रदेश के इंदौर में रक्षाबंधन के दिन हुए एक हादसे ने एक परिवार से उसकी खुशियां छीन लीं। यहां एक 23 महीने की बच्ची की सड़क हादसे में जान चली गई, दो दिन बाद बच्ची का दूसरा जन्मदिन था और परिवार राखी के बाद उसके जन्मदिन की तैयारियां कर रहा था। हादसा तेजाजी नगर थाना क्षेत्र के उमरीखेड़ा के पास का है। जहां सड़क पर अचानक सुअर आने से पिता बाइक पर नियंत्रण खो बैठा और बच्ची रोड पर सिर के बल गिर गई। परिवार तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचा लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
इंदौर शहर के पालदा नाका क्षेत्र में किराए के मकान में रहने वाले बंसीलाल के परिवार में रक्षाबंधन पर हुए हादसे के बाद मातम पसरा हुआ है। बंसीलाल ने बताया कि रक्षाबंधन पर पत्नी रिंकी, 23 माह की बेटी अमाया और बड़ी बेटी परी के साथ खंडवा रोड स्थित रायकान सिटी गए थे। यहां पत्नी ने अपने भाई को राखी बांधी और उसके बाद कुछ देर रुकने के बाद चारों बाइक से इंदौर स्थित अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में उमरीखेड़ा के पास अचानक सड़क पर एक सुअर आ गया और सुअर को बचाने की कोशिश में बाइक अनियंत्रित हो गई। बाइक के अनियंत्रित होते ही सामने बैठी बच्ची अमाया सड़क पर सिर के बल गिर गई, उसे सिर में चोट लग गई। गंभीर हालत में हम अमाया को इंदौर के एक निजी अस्पताल लेकर आए लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। हादसे में परिवार के अन्य सदस्यों को भी चोटें आई हैं।
पिता बंसीलाल ने बताया कि बेटी अमाया का 30 अगस्त को दूसरा जन्मदिन था। परिवार में उसके जन्मदिन की तैयारियां चल रही थीं। अमाया के इस तरह से छोड़कर चले जाने से मां का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे में बाइक सवार पिता, मां व बहन को मामूली चोटें आई हैं। बंसीलाल मूल रुप से देवास जिले के रहने वाले हैं और इंदौर में परिवार के साथ किराए के मकान में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।