
इंदौर. बाकी प्रदेशों की तुलना में आरटीई के मामले में सबसे पीछे चल रहे मध्यप्रदेश में बच्चों को एडमिशन दिलाने के लिए पालक भटकने को मजबूर है। लगातार पोर्टल बंद रहने के कारण आरटीई के रजिस्ट्रेशन भी नहीं हो पा रहे। मंगलवार दोपहर को भी शिक्षा विभाग के पोर्टल पर मेंटेनेंस का मैसेज नजर आता रहा। रजिस्ट्रेशन नहीं होने के पीछे अफसर ठोस वजह नहीं बता पा रहे है।
आरटीई (शिक्षा का अधिकार) के तहत एडमिशन के लिए रजिस्ट्रेशन कराने को 23 जून तक की ही तारीख निर्धारित की गई थी। लेकिन, शुरुआती दौर से ही सर्वर में आ रही खराबी के कारण पालकों को रजिस्ट्रेशन कराने में भारी परेशानी आई। कई कोशिशों के बावजूद हजारों की संख्या में पालक अंतिम तिथि तक आवेदन नहीं कर सकें। इस आधार पर विभाग ने अब 30 जून तक का मौका दिया है।
माना जा रहा था कि अब पोर्टल पर पर कोई दिक्कत नहीं आएगी। मगर, कोई सुधार नहीं हो पाया। मंगलवार को भी सुबह ११ बजे से शाम तक पोर्टल बंद रहा। इस अवधि में एक भी रजिस्ट्रेशन नहीं हो पाया। इधर, पालक बार-बार सायबर कैफे और कियोस्क सेंटरों पर जाकर रजिस्ट्रेशन शुरू होने की जानकारी लेते रहे। मालूम हो, जिले में आरटीई के लिए निजी स्कूलों की करीब 30 हजार सीटों पर एडमिशन दिए जाना है। सोमवार शाम तक 22 हजार 230 के रजिस्ट्रेशन हो पाए है।
30 तक रजिस्ट्रेशन, 5 को खुलेगी लॉटरी
रजिस्ट्रेशन की तिथि आगे बढ़ाने की घोषणा के साथ बाद के शेड्यूल में भी बदलाव किया गया है। संशोधित शेड्यूल के अनुसार आरटीई की लॉटरी अब 5 जुलाई को खुलेगी। 7 से 20 जुलाई के बीच विभाग दस्तावेजों का सत्यापन करेगा। सत्यापित होने के बाद 9 से 25 जुलाई के बीच एडमिशन लेने वालों की सूची भी पोर्टल पर अपलोड होगी।
ट्रैफिक को बता रहे कारण
बार-बार पोर्टल बंद होने के पीछे जिम्मेदार दोपहर के समय सर्वर पर ट्रैफिक बढऩे को वजह बता रहे है। जिला परियोजना समन्वय अक्षय सिंह राठौड़ का कहना है कि ज्यादातर पालक 11 से 5 के बीच ही रजिस्ट्रेशन कराने की कोशिश कर रहे है। इस अवधि में हजारों की संख्या में यूजर होने से सर्वर बंद हो रहा है। सुबह जल्दी और देर शाम को आसानी से रजिस्ट्रेशन कराए जा रहे है।